नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 से 11 जुलाई 2026 तक इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के दौरे पर थे। न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय को संबोधित किया था। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक न्यूज क्लिप वायरल हो रही है। इसे शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि ऑकलैंड में पीएम मोदी ने भारत को दुनिया का सबसे बड़ा ‘बीफ उत्पादक’ बताया था।
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावा गलत निकला। दरअसल, संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने भारत को दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा Wheat Producer (गेहूं उत्पादक) बताया था। ‘व्हीट’ को ‘बीफ’ बताकर यूजर्स गलत दावे के साथ वीडियो शेयर कर रहे हैं।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘viralwatch.in’ ने 13 जुलाई 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया। इसमें पीएम मोदी लोगों को संबोधित करते हुए दिख रहे हैं। साथ में यूजर ने लिखा है, “ऑकलैंड में पीएम मोदी का बड़ा बयान, ‘भारत दुनिया का सबसे बड़ा बीफ, दूध और दूसरा सबसे बड़ा मछली उत्पादक‘
ऑकलैंड, न्यूज़ीलैंड: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूज़ीलैंड के ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए भारत की कृषि और उत्पादन क्षमता का उल्लेख किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक, सबसे बड़ा बीफ उत्पादक और दूसरा सबसे बड़ा मछली उत्पादक देश है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भारत मोबाइल निर्माण और ऑटोमोबाइल उत्पादन जैसे क्षेत्रों में भी तेज़ी से वैश्विक शक्ति बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर “सबसे बड़ा बीफ उत्पादक” वाला हिस्सा तेजी से वायरल हो गया। कई लोगों ने इस बयान पर सवाल उठाए, जबकि कुछ लोगों ने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार के कई संदर्भों में भैंस के मांस (Buffalo Meat/Carabeef) को भी “Beef” की श्रेणी में शामिल किया जाता है। इसी वजह से इस बयान को लेकर अलग-अलग व्याख्याएं सामने आ रही हैं। फिलहाल प्रधानमंत्री के इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है। समर्थक इसे भारत की कृषि और निर्यात क्षमता का उदाहरण बता रहे हैं, जबकि आलोचक “बीफ उत्पादक” शब्द के इस्तेमाल पर सवाल उठा रहे हैं।“

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो को ध्यान से सुना। इसमें पीएम मोदी कह रहे हैं, “आज भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा व्हीट प्रोड्यूसर है। आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा मिल्क प्रोड्यूसर है। आज भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा फिश प्रोड्यूसर है। साथियों इतना ही नहीं, आज भारत दुनिया का तीसरा…।”
हमने ‘आजतक’ की वेबसाइट पर पीएम मोदी के संबोधन से जुड़े वीडियो को चेक किया। 11 जुलाई 2026 को पोस्ट किए गए वीडियो में 33:05 मिनट के बाद पीएम मोदी को ‘व्हीट प्रोड्यूसर’ बोलते हुए सुना जा सकता है।
पीएम मोदी के इस संबोधन के बारे में जानने के लिए हमने उनके यूट्यूब चैनल को भी स्कैन किया। इस पर 11 जुलाई 2026 को ऑकलैंड में पीएम मोदी के संबोधन का पूरा वीडियो पोस्ट किया गया था। इसमें 32:35 मिनट के बाद वायरल क्लिप को देखा जा सकता है। इसमें वह कह रहे हैं, “आज भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा ‘व्हीट’ प्रोड्यूसर है। आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा मिल्क प्रोड्यूसर है। आज भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा फिश प्रोड्यूसर है।” संबोधन में ‘बीफ’ का जिक्र नहीं किया गया है।
‘पीएम इंडिया’ की वेबसाइट पर 11 जुलाई 2026 को इस संबोधन को शब्द-दर-शब्द प्रकाशित किया गया था। इसमें भी लिखा गया है कि पीएम मोदी ने भारत को दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा ‘व्हीट प्रोड्यूसर’ बताया था, न कि ‘बीफ प्रोड्यूसर’। इसमें कहीं भी ‘बीफ’ शब्द का जिक्र नहीं मिला।

इस बारे में हमने ‘दैनिक जागरण’ में विदेश मामले कवर करने वाले विशेष संवाददाता जयप्रकाश रंजन से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने न्यूजीलैंड में भारत को ‘व्हीट प्रोड्यूसर’ बोला था, ‘बीफ प्रोड्यूसर’ नहीं।
क्या है संदर्भ?
पीएम मोदी हाल ही में इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की छह दिवसीय यात्रा पर गए थे। ‘ऑल इंडिया रेडियो’ की वेबसाइट पर 12 जुलाई 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री ने 6 से 8 जुलाई तक इंडोनेशिया का दौरा किया। इसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया गए और वहां के पीएम एंथनी अल्बानीज के साथ तीसरे भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। यात्रा के अंतिम चरण में पीएम मोदी ने 10 से 11 जुलाई तक न्यूजीलैंड के ऑकलैंड का दौरा किया। किसी भी भारतीय पीएम का पिछले 40 साल में न्यूजीलैंड का यह पहला दौरा था।
वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। अप्रैल 2026 में बने इस अकाउंट के 10 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: पीएम मोदी ने न्यूजीलैंड के दौरे पर ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने भारत को दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा ‘व्हीट प्रोड्यूसर’ बताया था, जिसे ‘बीफ प्रोड्यूसर’ बताकर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
The post Fact Check: पीएम मोदी का ‘व्हीट प्रोड्यूसर’ वाला बयान ‘बीफ प्रोड्यूसर’ के फर्जी दावे से वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments