नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के दिल्ली के जंतर मंतर के प्रदर्शन से जोड़कर एस्ट्रोनॉट (अंतरिक्ष यात्री) सुनीता विलियम्स और बॉलीवुड अभिनेता शाह रुख खान के वीडियो वायरल हो रहे हैं। इन्हें शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ये दोनों हस्तियां जंतर मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन का समर्थन करने के लिए पहुंची थीं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। दोनो ही वीडियो का सीजेपी प्रोटेस्ट से कोई संबंध नहीं है। सुनीता विलियम्स का वीडियो जनवरी 2026 में केरल में हुए ‘केरल साहित्य महोत्सव’ का है। सुनीता विलियम्स इसी महोत्सव का हिस्सा बनने के लिए कोझिकोड पहुंची थीं। जबकि, अभिनेता शाह रुख खान का वायरल वीडियो साल 2025 का है और मुंबई एयरपोर्ट का है।
क्या हो रहा है वायरल?
एक्स यूजर ‘Queen’ ने 19 जुलाई 2026 को वायरल फोटो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “सुनीता विलियम्स cjp आंदोलन कों समर्थन देने पहुचे।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
एक अन्य यूजर सुनीता विलियम्स का वीडियो शेयर कर उसे सीजेपी के आंदोलन का बता रहे हैं।
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
इंस्टाग्राम यूजर ‘chokrozjantaparty’ ने 19 जुलाई 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “शाहरुख खान पोछ गए जंतर मंतर।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
सुनीता विलियम्स का वीडियो
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो को गौर से देखा। हमने इसमें पाया कि पुलिसकर्मियों की वर्दी पर पर केरल पुलिस का बैज लगा हुआ है। सुनीता विलियम्स ने जो आईडी कार्ड पहना है, उस पर ‘केएलएफ’ लिखा हुआ है। ऐसे में हमें दावे के गलत होने का संदेह हुआ।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘craftyvlogger’ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर मिला। इस वीडियो को 22 जनवरी 2026 को शेयर किया गया था। कैप्शन में दी गई जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो केरल के ‘केएलएफ’ कार्यक्रम का है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘द हिंदू’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 22 जनवरी 2026 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, सुनीता विलियम्स केरल के कोझिकोड में ‘केरल साहित्य महोत्सव’ के नौवें संस्करण का उद्घाटन करने के लिए पहुंची थीं। यह कार्यक्रम करीब चार दिन तक चला था। सुनीता विलियम्स ने इस कार्यक्रम के कई सत्रों में हिस्सा लिया था और लोगों को संबोधित भी किया था।
जांच के दौरान हमें इस कार्यक्रम का एक वीडियो ‘DC Books’ के एक यूट्यूब चैनल पर 25 जनवरी 2026 को अपलोड हुआ मिला। इस वीडियो में सुनीता विलियम्स को वायरल वीडियो वाले हूबहू कपड़ों में देखा जा सकता है।
शाह रुख खान का वीडियो
शाह रुख खान के वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट न्यूज एजेंसी ‘एएनआई’ की आधिकारिक वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 27 अप्रैल 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, शाह रुख का यह वीडियो मुंबई एयरपोर्ट का है।
वायरल वीडियो हमें इसी जानकारी के साथ ‘MasalaUAE’ नाम के यूट्यूब चैनल पर भी मिला। इस वीडियो को 27 अप्रैल 2025 को शेयर किया गया था।
इस बारे में हमने ‘दैनिक जागरण’ की तरफ से जंतर मंतर पर सीजेपी का प्रदर्शन कवर कर रहे रिपोर्टर नेमिश हेमंत से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि वहां शाह रुख खान और सुनीता विलियम्स नहीं आए थे।
क्या है संदर्भ?
‘जागरण डॉट कॉम’ की 12 जुलाई 2026 की एक खबर के अनुसार, देश में परीक्षाओं में अनियमितताओं के मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने 20 जून 2026 को दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना-प्रदर्शन शुरू किया था। इसके बाद सोनम वांगचुक 28 जून 2026 को इसमें शामिल हुए थे। सोनम वांगचुक जंतर मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे थे।
‘बीबीसी’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने पर पुलिस ने 18 जुलाई 2026 को उन्हें जंतर मंतर से हटाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया है।
सोनम वांगचुक के अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने संसद तक मार्च निकाला है। इसी को लेकर दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है। जंतर मंतर के पास 5000 जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा धरनास्थल क्षेत्र में धारा 163 लागू की गई है। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ें।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले एक्स यूजर ‘Queen’ के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को नौ हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सीजेपी के प्रदर्शन में सुनीता विलियम्स और शाह रुख खान के शामिल होने का दावा फर्जी है।
The post Fact Check: CJP के समर्थन में सुनीता विलियम्स और शाह रुख खान के जंतर मंतर पहुंचने का दावा FAKE appeared first on Vishvas News.
(@Queen510619151)
0 Comments