नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगनेऔर धमाके की खबरें अक्सर सामने आती रहती हैं। हाल ही में नोएडा के सेक्टर-66 में एक स्कूटी की बैटरी में धमाका होने से एक इमारत में आग लग गई थी। इसी बीच इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में धमाका होने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि स्कूटी में अचानक धमाका होता है और उसे चला रहा युवक उछलकर दूर गिर जाता है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो असली नहीं, बल्कि फर्जी है। वायरल हो रहे वीडियो को एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाया गया है, जिसे यूजर्स अब गलत दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Sumit Gumber’ ने 13 जुलाई 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “चलती EV स्कूटी की बैटरी में धमाका, चालक कई फीट दूर जा गिरा चलती हुई एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक तेज धमाका होने के बाद वाहन अनियंत्रित हो गया। हादसे में चालक सड़क किनारे पेड़ से टकराकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत चालक की मदद की। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल चालक की स्थिति और हादसे के वास्तविक कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो को गौर से देखा। हमें वीडियो में कई खामियां नजर आईं। वीडियो में दिख रहा है कि स्कूटी में धमाका होने से पहले ही चालक थोड़ा ऊपर उठने लगता है। धमाके के बाद जब चालक ऊपर उछलता है, तब उसके शरीर की बनावट अलग नजर आती है और कुछ देर बाद उसका शरीर पहले जैसा हो जाता है। इन सभी खामियों को देखकर हमें वीडियो के एआई से बने होने का संदेह हुआ।
हमने वीडियो को ‘हाइव मॉडरेशन’ टूल की मदद से सर्च किया। इस टूल ने फोटो के करीब 62 फीसदी तक एआई से बने होने की संभावना जताई। इस टूल ने ‘seedance2’ की मदद से वीडियो के बने होने के संकेत दिए।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें अन्य एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद से सर्च किया। हमने ‘साइट इंजन’ की मदद से कीफ्रेम को सर्च किया। इस टूल ने 99 फीसदी तक कीफ्रेम के एआई की मदद से बने होने की संभावना जताई।

एआई डिटेक्शन टूल ‘Undetectable’ ने भी कीफ्रेम को एआई की मदद से बना हुआ बताया।

हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज की मदद से भी सर्च किया। हमें वीडियो ‘Shackespere’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो को 10 जुलाई 2026 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो को व्यंग्य के उद्देश्य से शेयर किया गया है। इस अकाउंट को खंगालने पर हमने पाया कि इसके बायो में बताया गया है कि इस पेज पर एआई और वीएफएक्स से जुड़े वीडियो शेयर किए जाते हैं।


अधिक जानकारी के लिए हमने एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि स्कूटी में धमाका होने के बाद वह गोल-गोल घूमती रहती है और काफी देर बाद उसकी सीट नीचे गिरती है। धमाके के बाद चालक के शरीर की बनावट में भी बदलाव देखा जा सकता है। ऐसी खामियां अक्सर एआई वीडियो में नजर आती हैं।
क्या है संदर्भ?
उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-66 स्थित ममूरा गांव के एक पीजी में इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में धमाका होने से आग लग गई थी। धीरे-धीरे इस आग ने वहां पर खड़े आठ से अधिक दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की सात गाड़ियां आई थीं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका । इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को लगभग 52 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को डिजिटल क्रिएटर बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि इलेक्ट्रिक स्कूटी में धमाके का वायरल वीडियो फर्जी है। असल में वायरल हो रहे इस वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है।
The post Fact Check: इलेक्ट्रिक स्कूटी में धमाका होने का वीडियो AI निर्मित appeared first on Vishvas News.
0 Comments