नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर फीफा वर्ल्ड कप 2026 से जोड़कर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि ब्राजील और अर्जेंटीना के बीच मैच चल रहा है। मैच में नेमार और लियोनेल मेसी आमने-सामने हैं। लियोनेल मेसी नेमार को गोल करने से रोक रहे हैं। नेमार मेसी को छकाते हुए गोल कर देते हैं। इस वीडियो को वर्तमान फीफा वर्ल्ड कप में हुए मैच का बताकर शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो किसी वास्तविक मैच का नहीं है। इसे एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाया गया है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘India Guru’ ने 25 जून 2026 को वायरल वीडियो पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, “फीफा वर्ल्ड कप में नेमार का तूफान। बस, ताकते रह गए लियोनेल मेसी। Wah! मज़ा आ गया….. शानदार।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो और उसके साथ किए जा रहे दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ब्राजील अर्जेंटीना के बीच कोई मैच होने की भी हमें जानकारी नहीं मिली।
वायरल वीडियो को गौर से देखने पर हमने पाया कि दोनों ही खिलाड़ियों के पैर काफी अजीब तरीके से मूव कर रहे हैं। ऐसे में हमें वीडियो के एआई से बने होने का संदेह हुआ।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए वायरल वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल्स के जरिए जांचा गया। हमने ‘Hive Moderation’ का इस्तेमाल किया और इस टूल ने वीडियो के एआई से बने होने की करीब 99 फीसदी संभावना जताई।

अतिरिक्त पुष्टि के लिए हमने एक अन्य टूल ‘undetectable ai’ का इस्तेमाल किया और इसकी मदद से वीडियो को सर्च किया। इस टूल ने भी 70 फीसदी तक इस वीडियो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘az8theater’ नाम के एक इंस्टाग्राम पर 10 जून 2026 को शेयर किया हुआ मिला।
इस इंस्टाग्राम अकाउंट को खंगालने पर हमने पाया कि अकाउंट पर इस तरह के कई अन्य वीडियो मौजूद हैं। अकाउंट के बायो में मौजूद जानकारी के मुताबिक यूजर एक डिजिटल क्रिएटर है।

अधिक जानकारी के लिए हमने इंस्टाग्राम की मदद से ‘az8theater’ से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो किसी असली मैच का नहीं है। इसे टूल्स की मदद से बनाया गया है।
फीफा की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, ब्राजील और अर्जेंटीना, दोनों ही टीमें 2026 की इस प्रतियोगिता के अलग-अलग ग्रुप में हैं और दोनों टीमों के बीच अभी तक कोई मैच नहीं हुआ है।
‘रॉयटर्स’ की वेबसाइट पर 25 जून 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में नेमार के घुटने में गंभीर चोट लग गई थी, जिसके बाद उन्होंने खेलना बंद कर दिया था। करीब 981 दिनों के लंबे अंतराल के बाद उन्होंने स्कॉटलैंड के खिलाफ हुए मैच में वापसी की। इस मैच के दूसरे हाफ में वह मैदान पर उतरे। इस मैच में ब्राजील ने 3-0 से जीत हासिल की थी।
FIFA की वेबसाइट पर इस मैच का हाइलाइट मौजूद है।
क्या है संदर्भ?
गौरतलब है कि अर्जेंटीना के अभी तक दो मैच हुए हैं। पहला मैच अल्जीरिया के साथ दूसरा ऑस्ट्रिया के साथ हुआ है। दोनों ही मैचों में अर्जेंटीना को जीत हासिल हुआ है। जबकि, ब्राजील के अभी तक कुल तीन मैच हुए हैं और उनमें से दो में टीम ने जीत हासिल की है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब चार हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को राजस्थान का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि फीफा वर्ल्ड कप 2026 के मैच में नेमार और लियोनेल मेसी के आमने-सामने आने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है।
The post Fact Check: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में नेमार और लियोनेल मेसी के आमने-सामने आने का वीडियो AI निर्मित appeared first on Vishvas News.

0 Comments