नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शानदार जीत के बाद देश के कई हिस्सों में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल किया जा रहा है। इस वीडियो में कुछ लोगों को रंगों में सराबोर होकर नाचते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को बंगाल में भाजपा की जीत का जश्न मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। जांच में यह वीडियो पुराना साबित हुआ। सोशल मीडिया पर होली के जश्न के नाम पर यह वीडियो कई महीने पहले शेयर किया गया था। इसका पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा की जीत से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘जितेंद्र सिंह’ ने 4 मई 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “बंगाल में भाजपा की जीत की सुनामी.. कार्यकर्ताओं में जश्न.. TMC पार्टी के सभी दिग्गज और महागठबंधन के सभी बड़े नेता स्वाहा…।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान संदर्भ के साथ शेयर किया है। वायरल पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
4 मई 2026 को जैसे-जैसे मतदान के नतीजों के रुझान आने शुरू हुए, भाजपा के कार्यकर्ता जश्न मनाने के लिए सड़क पर उतर आए। देश के कई हिस्सों से ऐसी तस्वीरें और वीडियो आए, जिनमें कार्यकर्ताओं से लेकर नेताओं तक को जश्न मनाते हुए देखा गया।
हालांकि, हमें कहीं भी वायरल वीडियो नहीं मिला। इसी के आधार पर हमने वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। हमें यह वीडियो होली के जश्न के नाम पर कई सोशल मीडिया हैंडल्स पर मिला।
‘Bongaigaon Times’ नाम के एक फेसबुक पेज ने 4 मार्च 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए होली का बताया।

इसी तरह एक अन्य फेसबुक यूजर ने इसी वीडियो को होली का बताते हुए 5 मार्च 2026 को पोस्ट किया था। इसी वीडियो को 4 मार्च 2026 को एक अन्य फेसबुक यूजर ने भी शेयर किया था।
क्या है संदर्भ?
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार (4 मई 2026) को आ गए। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरलम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव हुए थे। पश्चिम बंगाल व असम में भाजपा और पुडुचेरी में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए की सरकार बनना लगभग तय है। वहीं, केरल में यूडीएफ (कांग्रेस, मुस्लिम लीग और केरल कांग्रेस) और तमिलनाडु में एक्टर विजय की तमिलगा वेट्री कड़गम (TVK) की सरकार बन सकती है। शाम 7 बजे तक की राज्यवार सीटों की स्थिति नीचे देखी जा सकती है।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए ‘Bongaigaon Times’ की टीम से संपर्क किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि वायरल वीडियो पुराना है। इसका 4 मई 2026 को आए चुनावी नतीजों से कोई संबंध नहीं है।
अंत में फर्जी वीडियो पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि जितेंद्र सिंह नाम के इस फेसबुक यूजर को 1.6 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर मध्य प्रदेश के ग्वालियर का रहने वाला है। यह अकाउंट जुलाई 2025 में बनाया गया था।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में बंगाल में भाजपा की जीत के जश्न के नाम पर वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। कई महीने पुराने एक वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल करके झूठ फैलाया जा रहा है।
The post Fact Check: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के जश्न के नाम पर पुराना वीडियो वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments