What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: बंगाल चुनाव के बाद ममता बनर्जी के घर में आग लगाने का दावा झूठा, बांग्लादेश का है वायरल वीडियो

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बहुमत मिल गया है। इस दौरान राज्य में कुछ हिंसा की खबरें भी आई हैं। इन घटनाओं से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक घर में लगी आग को देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की मुखिया एवं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के घर और टीएमसी के कार्यालय में आग लगा दिया है। वीडियो पोस्ट कर यूजर ने भड़काऊ संदेश लिखकर लोगों से कोलकाता बंद करने के लिए भी कहा है।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि ममता बनर्जी के घर को आग लगाने का दावा झूठा है। हालांकि, आसनसोल में टीएमसी के दो कार्यालयों में आग लगने का मामला सामने आया है, जिसका आरोप भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगा है। वहीं, चुनाव के बाद हिंसा के नाम पर वायरल हो रहा यह वीडियो बांग्लादेश का है। इसका पश्चिम बंगाल से कोई संबंध नहीं है।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘Akhtar Bhohariya’ ने 4 मई 2026 को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “CRPF के कथित समर्थन से, BJP कार्यकर्ताओं से जुड़े कुछ लोगों ने ममता बनर्जी के घर और एक TMC दफ़्तर में आग लगा दी। ममता पर हमले की भी खबरें हैं। TMC कार्यकर्ताओं, आज Kolkata को बंद कर दो। यह सम्मान का मामला है।”

Mamata Banerjee Viral Video, Bengal Election Result 2026, Bangladesh Viral Video, West Bengal Election Result

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। ‘इंडिया टीवी’ की वेबसाइट पर 16 जनवरी 2026 को छपी एक रिपोर्ट में वीडियो के कुछ कीफ्रेम्स को अपलोड किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, “बांग्लादेश में एक बार फिर हिंदू पर हमला हुआ है। सिलहट जिले के गोवाईघाट के नंदिरगांव संघ के बहोर गांव में इस्लामिक कट्टरपंथियों ने बीरेंद्र कुमार डे के घर पर आग लगा दी।”

Mamata Banerjee Viral Video, Bengal Election Result 2026, Bangladesh Viral Video, West Bengal Election Result

बांग्लादेशी पत्रकार एवं ‘ब्लिट्ज’ के संपादक ‘Salah Uddin Shoaib Choudhury’ ने भी 16 जनवरी 2026 को एक्स अकाउंट से वायरल वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, “बांग्लादेश के सिलहट जिले के गोवाईनघाट उपजिला की नंदिरगांव यूनियन के बहोर गांव में इस्लामी कट्टरपंथियों ने बीरेंद्र कुमार डे उर्फ ‘झुनू सर’ (जो पेशे से शिक्षक हैं) के घर में आग लगा दी।”

‘एएनआई’ की वेबसाइट पर 16 जनवरी 2026 को इस घटना से संबंधित खबर को प्रकाशित किया गया था। इसके अनुसार, “पूर्वी बांग्लादेश के सिलहट जिले के गोवाईघाट में बिकास रंजन देब के घर में आग लगने की घटना हुई। पुलिस सब-इंस्पेक्टर दीदार ने बताया कि यह आग बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। बिकास ने पुलिस को बताया कि उनका मानना है कि यह घटना पूरी तरह से शॉर्ट सर्किट की वजह से हुई एक दुर्घटना थी।”

Mamata Banerjee Viral Video, Bengal Election Result 2026, Bangladesh Viral Video, West Bengal Election Result

इससे यह साफ हो गया कि वायरल वीडियो बांग्लादेश का है और पुराना है।

इसके बाद हमने कीवर्ड की मदद से ममता के घर पर आग लगाने की घटना के बारे में सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली।

क्या है संदर्भ?

‘आजतक’ की वेबसाइट पर 4 मई 2026 को अपलोड की गई खबर के मुताबिक, बंगाल में चुनाव नतीजे आने के बाद तनाव बढ़ गया है। आसनसोल के बराबनी इलाके में टीएमसी के दो पार्टी दफ्तरों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटना सामने आई है। आरोप है कि उपद्रवियों ने आग लगाने से पहले इन दफ्तरों में जमकर तोड़फोड़ की। टीएमसी नेताओं ने इन हमलों के पीछे भाजपा का हाथ होने का आरोप लगाया है।

Mamata Banerjee Viral Video, Bengal Election Result 2026, Bangladesh Viral Video, West Bengal Election Result

पश्चिम बंगाल, केरल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे आ गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल में भाजपा ने 206 और असम में 82 सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर लिया है। पुडुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 18 सीटें जीतकर बाजी मारी है। केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ ने 100 से ज्यादा सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है। तमिलनाडु में दक्षिण भारतीय अभिनेता जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) 108 सीटें हासिल कर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।

Mamata Banerjee Viral Video, Bengal Election Result 2026, Bangladesh Viral Video, West Bengal Election Result

इस बारे में हमने कोलकाता में दैनिक जागरण के वरिष्ठ संवाददाता राजीव कुमार झा से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के घर पर हमले की कोई सूचना नहीं मिली है।

वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। अहमदाबाद के रहने वाले यूजर एक खास विचारधारा से प्रभावित हैं। 2 मार्च 2012 को यह अकाउंट बनाया गया और यूजर को एक हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद ममता बनर्जी का घर जलाने का दावा झूठा है। हालांकि, आसनसोल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर टीएमसी के कार्यालय को जलाने का आरोप लगा है। वहीं, हिंसा से जोड़कर वायरल हो रहा वीडियो बांग्लादेश का है। इसका बंगाल से कोई संबंध नहीं है।

The post Fact Check: बंगाल चुनाव के बाद ममता बनर्जी के घर में आग लगाने का दावा झूठा, बांग्लादेश का है वायरल वीडियो appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments