नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान सुर्खियों में रहने वाली जाधवपुर लोकसभा सीट की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद सायोनी घोष के नाम पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक महिला लाल और सफेद रंग की साड़ी पहने डांस करते हुए दिख रही है। इस वीडियो को बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान सायोनी घोष का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। इस वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। असल में यह वीडियो बांग्लादेश की एक डांसर का है। इस महिला का नाम मेघा क्वीन है। बांग्लादेश की एक डांसर के वीडियो को सायोनी घोष के नाम से शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Dev Prakash’ ने 15 मई 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “सांसद बनने के लिए TMC की सायोनी घोष को क्या क्या करना पड़ता था देखिए।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का एक दूसरा वर्जन ‘@alltimenewsBangladesh’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 15 अप्रैल 2026 को शेयर किया गया था। वीडियो में मंच पर पीछे की तरफ एक पोस्टर लगा हुआ नजर आया। इस पोस्टर पर बांग्ला भाषा में ‘बैसाखी मेला’ लिखा हुआ दिखा। साथ ही, बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की फोटो भी लगी हुई है। ऐसे में हमें वीडियो के बांग्लादेश का होने का संदेह हुआ। हमने इस यूट्यूब चैनल को खंगाला। हमने पाया कि इस चैनल पर डांस करने वाली महिला के कई अन्य वीडियो भी मौजूद हैं। एक अन्य वीडियो में इस महिला का नाम मेघा क्वीन बताया गया है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने संबंधित कीवर्ड्स की मदद से गूगल पर सर्च करना शुरू किया। हमें डांसर महिला का फेसबुक अकाउंट मिला। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, इस महिला का नाम मेघा क्वीन है। वह बांग्लादेश की रहने वाली हैं और पेशे से एक डांसर हैं। प्रोफाइल पर मेघा के डांस करते हुए कई वीडियो मौजूद हैं। प्रोफाइल में महिला का यह वायरल वीडियो भी हमें अप्रैल 2026 में अपलोड किया हुआ मिला। साथ ही, इसी इवेंट के कई अन्य वीडियो भी चैनल पर मौजूद हैं।

वायरल वीडियो हमें एक बांग्लादेशी यूट्यूब चैनल ‘Masti 24’ पर 30 अप्रैल को भी अपलोड किया हुआ मिला।
अधिक जानकारी के लिए हमने कोलकाता में ‘दैनिक जागरण’ के रिपोर्टर विशाल कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यह यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है।
क्या है संदर्भ?
पश्चिम बंगाल समेत चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव मई 2026 में संपन्न हो चुके हैं। पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बन चुकी है। पार्टी ने शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनाया है। पश्चिम बंगाल की 294 सीटों वाली विधानसभा में बीजेपी को 207 सीटें मिली हैं। वहीं, तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमटकर रह गई। इस हार के बाद टीएमसी नेता सायोनी घोष ने भी ऐसा ही एक बयान देते हुए कहा, “हम हारे नहीं हैं, बल्कि ममता बनर्जी को हराया गया है। वोट चोरी करके, वोट लूटकर ममता बनर्जी को हराया गया है।”
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि डांस करती हुई महिला के वीडियो को लेकर किया जा रहा वायरल दावा गलत है। इस वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। असल में यह वीडियो बांग्लादेश की एक डांसर का है। इस महिला का नाम मेघा क्वीन है। बांग्लादेश की एक डांसर के वीडियो को टीएमसी नेता सायोनी घोष के नाम से शेयर किया जा रहा है।
The post Fact Check: बांग्लादेशी डांसर के वीडियो को टीएमसी सांसद सायोनी घोष के नाम से किया जा रहा शेयर appeared first on Vishvas News.
0 Comments