What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: पश्चिम बंगाल में राहुल गांधी ने कहा था कि भाजपा को टीएमसी नहीं कांग्रेस हरा सकती, वायरल दावा झूठा

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए प्रथम चरण का मतदान 23 अप्रैल को हो चुका है, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल 2026 को वोट पड़ेंगे। इस बीच लोकसभा में नेता विपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उनको यह कहते हुए दिखाया गया है कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुकाबला नहीं कर सकती है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि राहुल गांधी ने मान लिया है कि बंगाल में भाजपा का कोई मुकाबला नहीं है।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल क्लिप अधूरी है। दरअसल, राहुल ने मालदा में हुई एक जनसभा में कहा था कि टीएमसी भाजपा का मुकाबला नहीं कर सकती है। केवल कांग्रेस भाजपा को हरा सकती है। उस सभा के वीडियो के अधूरे हिस्से को वायरल कर गलत दावा किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर ‘bjp4himachal’ ने 21 अप्रैल 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) किया और इसके साथ लिखा, “अब राहुल गांधी ने भी मान लिया है कि बंगाल में BJP का कोई मुकाबला नहीं कर सकता!

इस वीडियो में राहुल कह रहे हैं, “टीएमसी, बीजेपी का मुकाबला नहीं कर सकती है, यह मत भूलिये।

Rahul Gandhi BJP TMC statement, Rahul Gandhi News, West Bengal Election 2026, Rahul Gandhi News

फेसबुक यूजर ‘Firu Toppo Oraon’ ने 21 अप्रैल 2026 को इस वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए समान दावा किया।

Rahul Gandhi BJP TMC statement, Rahul Gandhi News, West Bengal Election 2026, Rahul Gandhi News

पड़ताल

वायरल दावे की पड़ताल के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। ‘All India Mahila Congress’ के फेसबुक पेज पर 14 अप्रैल 2026 को इस क्लिप का लंबा वर्जन पोस्ट किया गया था। इसमें राहुल गांधी कह रहे हैं, “टीएमसी बीजेपी का मुकाबला नहीं कर सकती है, यह मत भूलिये। अगर कोई पार्टी बीजेपी के खिलाफ खड़ी हो सकती है और बीजेपी को हरा सकती है, तो उस पार्टी का नाम कांग्रेस पार्टी है। यह सारा का सारा जो आपके खिलाफ हो रहा है, एसआईआर हो रहा है, वोट चोरी हो रही है, इसको तृणमूल नहीं रोक सकती है। आप पर जो अत्याचार बीजेपी कर रही है, बंगाल में, देश में, वोट काट रही है, हिंसा फैला रही है, तृणमूल इसको नहीं रोक सकती है। कांग्रेस पार्टी इसको रोक सकती है और यह बात बीजेपी जानती है। बीजेपी जानती है कि तृणमूल कांग्रेस उनको नहीं हरा सकती, (बीजेपी) जानती है कि कांग्रेस पार्टी उनको गिरा सकती है।

पोस्ट में जनसभा का स्थान मालदा, पश्चिम बंगाल दिया गया है।

Rahul Gandhi BJP TMC statement, Rahul Gandhi News, West Bengal Election 2026, Rahul Gandhi News

कांग्रेस के एक्स हैंडल पर भी वायरल क्लिप का लंबा वर्जन 14 अप्रैल 2026 को पोस्ट किया गया था। इसमें लिखा है, “BJP का मुकाबला TMC नहीं कर सकती है। सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही BJP के खिलाफ खड़ी हो सकती है और उसे हरा सकती है। पश्चिम बंगाल और पूरे देश में BJP लोगों पर अत्याचार कर रही है। यहां SIR के नाम पर वोट चोरी की जा रही है, लेकिन TMC इसे नहीं रोक सकती। सिर्फ कांग्रेस ही इसे रोक सकती है।: नेता विपक्ष राहुल गांधी

मालदा, पश्चिम बंगाल”

‘न्यूज 18 बंगाली’ की वेबसाइट पर 14 अप्रैल 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, राहुल गांधी ने चुनाव प्रचार के दौरान कलामबागान मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी को रोकने के लिए केवल कांग्रेस ही सच्ची लड़ाई लड़ सकती है। जनसभा का आयोजन मालदा जिले की 12 विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के समर्थन में किया गया था।

इस बारे में हमने पश्चिम बंगाल में कांग्रेस की सह-प्रभारी और मालदा जनसभा में मौजूद रहीं अंबा प्रसाद से संपर्क कर उन्हें वायरल वीडियो भेजा। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी ने कहा था कि टीएमसी, भाजपा को नहीं हरा सकती है। साथ ही, उन्होंने कहा था कि भाजपा को केवल कांग्रेस ही हरा सकती है। वीडियो के उस हिस्से को हटाकर कांग्रेस के खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है।”    

क्या है संदर्भ?

‘न्यूज ऑन एयर’ की वेबसाइट पर 24 अप्रैल 2026 को छपी खबर के अनुसार, “पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के पहले चरण में 23 अप्रैल 2026 को 92.72 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डालकर एक रिकॉर्ड बनाया, जबकि तमिलनाडु में 85.14 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। पहले चरण में पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर चुनाव हुए, जबकि 234 सदस्यों वाली तमिलनाडु विधानसभा के लिए मतदान एक ही चरण में संपन्न हुआ। पश्चिम बंगाल की कुल 294 सीटों में से बची हुई 142 सीटों के लिए दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा। केरलम, असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के वोटों की गिनती 4 मई को होगी।”

Rahul Gandhi BJP TMC statement, Rahul Gandhi News, West Bengal Election 2026, Rahul Gandhi News

वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। पश्चिम बंगाल के बिन्नागुरी में रहने वाले यूजर एक खास विचारधारा से प्रभावित हैं और उनके पांच हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।

विधानसभा चुनावों से संबंधित अन्य फैक्ट चेक रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।

निष्कर्ष: राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल के मालदा में हुई एक जनसभा में कहा था कि भाजपा को टीएमसी नहीं, बल्कि कांग्रेस हरा सकती है। उस वीडियो के आधे-अधूरे हिस्से को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।   

The post Fact Check: पश्चिम बंगाल में राहुल गांधी ने कहा था कि भाजपा को टीएमसी नहीं कांग्रेस हरा सकती, वायरल दावा झूठा appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments