What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: अमेरिकी राष्‍ट्रपति ने कर्ज को लेकर पीएम मोदी पर नहीं साधा निशाना, फेक पोस्‍ट वायरल

नई दिल्‍ली (विश्वास न्‍यूज)। अमेरिका के राष्‍ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के बयान के नाम पर सोशल मीडिया पर एक पोस्‍टकार्ड वायरल हो रहा है। इसके ऊपर नवभारत टाइम्‍स (एनबीटी) का लोगो लगा हुआ है। इसमें ट्रंप की तस्‍वीर का इस्‍तेमाल करते हुए लिखा गया है, “हमने इंडिया को बहुत ज्‍यादा कर्ज दिया है इतना कर्जा इससे पहले इंडिया के किसी पीएम ने नहीं लिया है इतना पैसे का क्‍या करते हैं इडिया के पीएम।” इसे अमेरिकी राष्‍ट्रपति का बयान मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्‍यूज ने विस्‍तार से इसकी जांच की। यह पोस्‍टकार्ड फेक साबित हुआ। नवभारत टाइम्‍स के पोस्‍टकार्ड का दुरुपयोग करके इसे बनाया गया है। ट्रंप ने पीएम मोदी को लेकर ऐसा कोई बयान नहीं दिया है, जैसा कि इसमें दावा किया गया है। नवभारत टाइम्‍स ने भी इस पोस्‍टकार्ड को फेक बताया है।

क्‍या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Rishi Maurya’ ने 12 अप्रैल 2026 को एक पोस्‍टकार्ड शेयर किया। इसमें दावा किया गया कि अमेरिका के राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने कहा, “हमने इंडिया को बहुत ज्‍यादा कर्ज दिया है इतना कर्जा इससे पहले इंडिया के किसी पीएम ने नहीं लिया है इतना पैसे का क्‍या करते हैं इडिया के पीएम।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज ने नवभारत टाइम्‍स के नाम पर वायरल पोस्‍ट की सच्‍चाई जानने के लिए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल किया। कीवर्ड से सर्च करने पर हमें इससे जुड़ी कोई खबर नहीं मिली। यदि ट्रंप ने ऐसा कोई बयान दिया होता तो वह जरूर खबरों में आता।

विश्वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए नवभारत टाइम्‍स के एक्‍स हैंडल को स्‍कैन किया। यहां सर्च करने पर हमें 12 अप्रैल 2026 की एक पोस्‍ट मिली। इसमें वायरल पोस्‍ट को फेक बताते हुए असली पोस्‍ट को भी शेयर किया गया था। पोस्‍ट के साथ लिखा गया, “पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर NBT के नाम से कई पोस्ट वायरल हो रही हैं और उन फ़र्ज़ी पोस्ट के जरिये भ्रामक संदेश फैलाए जा रहे हैं. इस पोस्ट में दो तस्वीरें लगी हैं, जिनमें से एक फेक है और एक असली है. NBT की किसी भी खबर की सत्यता जांचने के लिए केवल NBT के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर ही भरोसा करें.”

नवभारत टाइम्‍स की असली और नकली पोस्‍ट के कोलाज को नीचे देखा जा सकता है।

विश्वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए नवभारत टाइम्‍स डिजिटल के संपादक अखिलेश श्रीवास्‍तव से संपर्क किया। उन्‍होंने वायरल पोस्‍ट को फर्जी बताते हुए कहा कि हमने अपने सोशल मीडिया पर वायरल पोस्‍ट का खंडन कर दिया है। नवभारत टाइम्‍स के नाम पर वायरल हो रही ऐसी सभी पोस्‍ट फर्जी हैं।

अंत में फेसबुक यूजर ‘Rishi Maurya’ के फेसबुक अकाउंट की जांच की गई। पता चला कि यह अकाउंट अप्रैल 2024 में बनाया गया था। इसे 40 हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं।

क्‍या है संदर्भ

पिछले साल अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बाइडन प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा था कि उसने भारत को उसके चुनाव में मदद के लिए 1.8 करोड़ डॉलर की धनराशि आवंटित की, जबकि उसे इसकी जरूरत नहीं है। ट्रंप कई बार दावा कर चुके हैं कि चुनावों में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए भारत को 2.1 करोड़ डॉलर की वित्तीय मदद दी गई। इसके बाद भारत चिंता जता चुका है।

निष्‍कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के नाम पर वायरल हो रहा बयान फेक साबित हुआ। नवभारत टाइम्‍स के पोस्‍टकार्ड का गलत इस्‍तेमाल करते हुए वायरल पोस्‍ट तैयार की गई है।

The post Fact Check: अमेरिकी राष्‍ट्रपति ने कर्ज को लेकर पीएम मोदी पर नहीं साधा निशाना, फेक पोस्‍ट वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments