नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के कई शहरों में आई भारी बारिश के कारण पानी भर गया है और लोगों को मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर दुबई के नाम से एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दुबई एयरपोर्ट और वहां के मॉल में पानी भरा हुआ देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो वहां आए हालिया तूफान का है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में वायरल हो रहा वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब दो साल पुराना है। यह वीडियो 2024 में आई बाढ़ के बाद का है। इस पुराने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ अब वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
एक्स यूजर ‘Ruksar Khan’ ने 28 मार्च 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “ब्रेकिंग न्यूज़: आपने अब तक उड़ता हवाई जहाज देखा होगा, आज तैरता हुआ भी देखलो, ये वही दुबई है जिसकी ख़ूबसूरती की तारीफ़ होती हैं, लेकिन एक दिन की बारिश में पूरा डूब गया,ये दुबई एयरपोर्ट है…!”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल पोस्ट के वीडियो को तीन अलग-अलग वीडियो को एक साथ जोड़कर बनाया गया है। इसकी सच्चाई जानने के लिए हमने ‘इनविड’ टूल की मदद ली। हमने इस टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें पहला वीडियो ‘9 News’ नाम के एक फेसबुक पेज पर मिला। इस वीडियो को 17 अप्रैल 2024 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, “भारी बारिश के बाद आई भीषण बाढ़ की वजह से दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे पर पानी भर गया था।”

हमें दावे से जुड़ी रिपोर्ट ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ की वेबसाइट पर 17 अप्रैल 2024 को प्रकाशित मिली। इस रिपोर्ट में वीडियो को दुबई में आई बाढ़ के बाद का बताया गया है।

अन्य न्यूज रिपोर्ट यहां पढ़ी जा सकती हैं।
दूसरा वीडियो हमें ‘crazy_.nan’ नाम के फेसबुक पेज पर मिला। इसे 17 अप्रैल 2024 को पोस्ट किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो दुबई मेट्रो स्टेशन का है।

हमें इस वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘khaleej times’ की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 16 अप्रैल 2024 को पब्लिश किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “दुबई में आई बाढ़ के कारण मेट्रो स्टेशन पर पानी भर गया, जिसकी वजह से सेवाएं बाधित हो गईं और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।”
तीसरे वीडियो का लंबा वर्जन हमें ‘From the eye of a mother’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। इस वीडियो को 17 अप्रैल 2024 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, यह वीडियो दुबई के शॉपिंग मॉल, ‘‘मॉल ऑफ अमीरात’ का है।
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के नेशनल ब्यूरो के पत्रकार नीलू रंजन से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो पुराना है। हालांकि, दुबई में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है और इस तरह के कई वीडियो सामने आ रहे हैं।
क्या है संदर्भ?
‘Euronews’ की वेबसाइट पर 27 मार्च 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात देखने को मिले। बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया और गाड़ियां फंस गईं और आवागमन बाधित हो गया। तूफान और बारिश का असर फ्लाइट संचालन पर भी देखने को मिला। अधिकारियों ने संयुक्त अरब अमीरात में और अधिक तूफानों और बारिश की चेतावनी दी है।”
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के एक्स अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को आठ हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यह यूजर सितंबर 2024 से एक्स पर सक्रिय है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि दुबई में बाढ़ के नाम से वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में वायरल हो रहा वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब दो साल पुराना है। यह वीडियो साल 2024 में दुबई में आई बाढ़ के बाद का है।
The post Fact Check: दुबई एयरपोर्ट के रनवे के जलमग्न होने का यह वीडियो पुराना, हालिया बाढ़ से संबंधित नहीं appeared first on Vishvas News.
0 Comments