What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: युद्ध के दौरान इजरायल में हजारों कौवों के दिखने के दावे से पुराना वीडियो हुआ वायरल  

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच 28 फरवरी 2026 से चल रहे युद्ध के दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक पार्किंग में हजारों पक्षियों को बैठे हुए और उड़ते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि इजरायल में तेल अवीव के आसमान में हजारों कौवे मंडरा रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो पुराना है और इसका हालिया जंग से कोई संबंध नहीं है।    

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर ‘focusfront.media’ ने 25 मार्च 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “इजराइल के प्रमुख शहर तेल अवीव में उस समय हैरानी का माहौल बन गया जब आसमान में हजारों कौवों का एक विशाल झुंड मंडराता हुआ दिखाई दिया। इस दुर्लभ दृश्य का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लाखों लोग देख चुके हैं।  प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काले बादलों की तरह उड़ते पक्षियों का यह समूह कई मिनटों तक शहर के ऊपर चक्कर लगाता रहा, जिससे लोगों में उत्सुकता और आशंका दोनों बढ़ गईं। कई संस्कृतियों में कौवों के बड़े झुंड को विशेष संकेतों और प्रतीकों से जोड़कर देखा जाता है, जिस कारण ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर तरह-तरह की चर्चाएँ शुरू हो गई हैं। हालांकि, वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएँ प्रवास, मौसम परिवर्तन या भोजन की तलाश जैसी प्राकृतिक वजहों से भी हो सकती हैं। फिलहाल इस घटना को लेकर आधिकारिक स्तर पर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन वीडियो ने इंटरनेट पर जिज्ञासा जरूर बढ़ा दी है।”

Iran Israel war viral video, Tel Aviv, Crow viral video,

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे ‘यांडेक्स रिवर्स इमेज’ से सर्च किया। इसमें हमें वायरल वीडियो का लंबा वर्जन ‘tgstat’ नाम की वेबसाइट पर 26 जुलाई 2024 को अपलोड हुआ मिला। इसमें वीडियो को अमेरिका के टेक्सास राज्य का बताया गया है।

Iran Israel war viral video, Tel Aviv, Crow viral video,

वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस से सर्च करने पर यह हमें इंस्टाग्राम यूजर ‘historyunreal’ की प्रोफाइल पर मिला। इसे 6 अप्रैल 2024 को अपलोड किया गया था। इसमें दी गई जानकारी के अनुसार, वीडियो टेक्सास के एक सुपरमार्केट का है, जहां हजारों कौवे देखे गए।

Iran Israel war viral video, Tel Aviv, Crow viral video,

ABC News‘ के फेसबुक पेज पर 10 जनवरी 2022 को टेक्सास की एक पार्किंग लॉट में उड़ते हुए कई कौवों का वीडियो अपलोड किया गया था। हालांकि, यह वीडियो, वायरल वीडियो से अलग है।  

Iran Israel war viral video, Tel Aviv, Crow viral video,

यूट्यूब चैनल ‘ViralHog’ पर 18 अप्रैल 2020 को एक वीडियो अपलोड किया गया था। यह वीडियो भी वायरल वीडियो से अलग है। इसमें भी पार्किंग लॉट में सैकड़ों कौवों को उड़ते हुए और बैठे हुए देखा जा सकता है। इसमें वीडियो को टेक्सास की 6 दिसंबर 2016 की घटना से जुड़ा बताया गया है।

इससे यह साफ हो गया कि वायरल वीडियो अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने से पहले का है और इसका इस जंग से कोई संबंध नहीं है।

क्या है संदर्भ?

डेली मेल की वेबसाइट पर 25 मार्च 2026 को छपी खबर के अनुसार, ”24 मार्च को तेल अवीव के आसमान में कौवों का एक विशाल झुंड छा गया। हजारों कौवों को ऊंची-ऊंची इमारतों के ऊपर चक्कर लगाते हुए कैमरे में कैद किया गया। कई लोगों ने इस नजारे को इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव से जोड़ा। हालांकि, पक्षियों का अध्ययन करने वाले वैज्ञानिकों का कहना है कि यह कोई अलौकिक घटना नहीं है, बल्कि दुनिया के सबसे व्यस्त पक्षी-मार्गों में से एक पर होने वाले नियमित मौसमी प्रवास का ही एक हिस्सा है। विशेषज्ञों ने बताया कि बसंत ऋतु के प्रवास के दौरान हर साल लगभग 50 करोड़ पक्षी इजरायल से होकर गुजरते हैं। इनमें ‘हुडेड क्रो’ अक्सर अपने घोंसले बनाने के मौसम में शहरी इलाकों में इकट्ठा होते हैं।”

Iran Israel war viral video, Tel Aviv, Crow viral video,

इस बारे में इजरायल के फैक्ट चेकर यूरिया बार मेर का कहना है कि वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं है।

निष्कर्ष: पश्चिम एशिया में युद्ध के दौरान इजरायल में हजारों कौवों के दिखने के दावे से पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। इसका हालिया जंग से कोई संबंध नहीं है

The post Fact Check: युद्ध के दौरान इजरायल में हजारों कौवों के दिखने के दावे से पुराना वीडियो हुआ वायरल   appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments