What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: अस्पताल में भर्ती सोनिया गांधी से PM मोदी की मुलाकात का दावा फेक, तस्वीर गूगल AI से बनाई गई है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अभी अस्पताल से छुट्टी नहीं मिली है और वे अभी चिकित्सकीय निगरानी में हैं। इसी संदर्भ में उनकी एक तस्वीर को वायरल कर दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अस्पताल जाकर सोनिया गांधी से मुलाकात की। वायरल तस्वीर में सोनिया गांधी के साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी नजर आ रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को फेक पाया। इसके साथ वायरल हो रही तस्वीर गूगल एआई की मदद से बनाई गई है, जिसके पूरे या कुछ हिस्सों में ‘सिंथआईडी’ (SynthID) की पहचान होने की पुष्टि होती है।

सिंथआईडी गूगल के एआई मॉडल्स द्वारा तैयार किए गए AI-जनरेटेड कंटेंट पर वॉटरमार्क लगाने और उन्हें पहचानने का एक टूल है। यानी जब भी गूगल का कोई AI टूल कोई तस्वीर बनाता है, तो सिंथआईडी उसमें एक डिजिटल वॉटरमार्क छिपा देता है। यह वॉटरमार्क हमारी आंखों से दिखाई नहीं देता, लेकिन सिंथआईडी डिटेक्टर इसे पहचान लेता है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘Sampat Devi Pal’ ने 30 मार्च 2026 को वायरल तस्वीर (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा, “आज नरेंद्र मोदी अपने विपक्षी पार्टी से हॉस्पिटल में मुलाकात किया।”

सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट का स्क्रीनशॉट।

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस तस्वीर को समान दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

न्यूज सर्च में हमें ऐसी कई रिपोर्ट्स मिलीं, जिनमें यह बताया गया है कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की वजह से सोनिया गांधी को दिल्ली स्थित ‘सर गंगा राम अस्पताल’ में भर्ती करवाया गया था। एक अन्य न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, “उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है, लेकिन अभी भी वे चिकित्सकीय निगरानी में हैं।”

कई रिपोर्ट्स में इस बात का जिक्र है कि सोनिया गांधी को जब अस्पताल में भर्ती करवाया गया, तब राहुल गांधी उनके साथ ही रहे। हालांकि, हमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अस्पताल जाकर सोनिया गांधी से मिलने का जिक्र हो।

इस वजह से वायरल तस्वीर के एआई से जनरेटेड होने का संदेह होता है। हमने इस तस्वीर को गूगल के ‘सिंथआईडी’ डिटेक्टर की मदद से चेक किया। इसकी एनालिसिस में इस तस्वीर के कुछ या पूरे हिस्से में सिंथआईडी के डिटेक्ट (Very High: सिंथआईडी कॉन्फिडेंस) होने की पुष्टि होती है।

Source: SynthID

सिंथआईडी गूगल के एआई मॉडल्स द्वारा तैयार किए गए AI-जनरेटेड कंटेंट पर वॉटरमार्क लगाने और उन्हें पहचानने का एक टूल है। यानी जब भी गूगल का कोई AI टूल कोई तस्वीर बनाता है, तो सिंथआईडी उसमें एक डिजिटल वॉटरमार्क छिपा देता है। यह वॉटरमार्क हमारी आंखों से दिखाई नहीं देता, लेकिन सिंथआईडी डिटेक्टर इसे पहचान लेता है।

डिटेक्शन एनालिसिस में ब्लू कलर या नीले रंग में दिख रहा हिस्सा एआई की मदद से बनाया गया है। यानी नरेंद्र मोदी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत सुरक्षाकर्मियों और डॉक्टर्स की तस्वीरें गूगल एआई की मदद से बनाई गई हैं। वहीं, पीले रंग में नजर आ रहे हिस्से में किसी तरह के मैनिपुलेशन की पुष्टि नहीं होती है।

अतिरिक्त पुष्टि के लिए हमने एक अन्य टूल की मदद से इसे चेक किया। ‘हाइव मॉडरेशन’ के डिटेक्शन में भी इस तस्वीर के एआई से क्रिएटेड होने की पुष्टि हुई।

Source: hivemoderation.com

हाइव की एनालिसिस के मुताबिक, इस तस्वीर का जेनरेशन सोर्स ‘Gemini’ (97.8%) है।

वायरल तस्वीर को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब 40 हजार लोग फॉलो करते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे ही अन्य एआई क्रिएटेड फोटो और वीडियो की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज के एआई चेक सेक्शन में पढ़ा जा सकता है। ईरान-इजरायल-अमेरिका युद्ध से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: अस्पताल में भर्ती कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात के दावे से वायरल तस्वीर फेक है, जिसे गूगल एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

The post Fact Check: अस्पताल में भर्ती सोनिया गांधी से PM मोदी की मुलाकात का दावा फेक, तस्वीर गूगल AI से बनाई गई है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments