What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: असम में जुबीन गर्ग के अंतिम संस्‍कार के वीडियो को दिल्‍ली के तरुण हत्‍याकांड से जोड़ते हुए किया गया वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। देश की राजधानी दिल्‍ली के उत्तम नगर में होली के दिन चार मार्च को हुई 26 वर्षीय युवक तरुण की हत्या के बाद उसे न्‍याय दिलाने के नाम पर कई जगह प्रदर्शन हुए। अब इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है। इसमें दावा किया गया कि वीडियो तरुण को न्‍याय दिलाने के लिए उमड़े हिंदुओं का है।

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्‍ट की विस्‍तार से जांच की। जांच में पता चला कि वीडियो का दिल्‍ली के तरुण हत्‍याकांड से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो असम के सिंगर जुबीन गर्ग के अंतिम संस्कार का है। सितंबर 2025 में गुवाहाटी में जुबीन के अंतिम संस्कार में श्रद्धांजलि देने के लिए भारी भीड़ इकट्ठा हुई थी। इसी के वीडियो को अब दिल्‍ली के तरुण हत्‍याकांड से जोड़ते हुए वायरल किया जा रहा है। इससे पहले भी यह वीडियो यूजीसी प्रदर्शन के नाम पर वायरल हुआ था, जिसकी पड़ताल यहां पढ़ी जा सकती है।

क्या हो रहा है वायरल?

एक्‍स यूजर ‘Tiger Raja Satire’ ने 11 मार्च 2026 को वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “सड़कों पर उमड़ा हिंदुओं का जनसैलाब तरुण भाई के लिए न्याय की गूंज चारों ओर सुनाई दे रही है। लोगों की एक ही मांग है न्याय भी हो और दोषियों को कड़ी सजा भी मिले। हिंदू एकता ज़िंदाबाद।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने दिल्‍ली के तरुण हत्‍याकांड के नाम पर वायरल वीडियो की जांच के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम निकाले। फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। वायरल वीडियो ‘mahariaprahlad’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो को 21 सितंबर 2025 को शेयर किया गया था। कैप्शन के अनुसार, “गायक स्व.जुबिन गर्ग के अंतिम दर्शन करने पहुंचे असम के लोग ! गुवाहाटी में लाखों लोगों ने एक साथ जुबिन जुबिन जुबिन के नारों के साथ अपने लाडले गायक को दी भावभीनी श्रद्धांजलि।”

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए गूगल ओपन सर्च टूल की मदद ली गई। यहां संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया गया। वीडियो का लंबा वर्जन ‘Indiatimes’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 22 सितंबर 2025 को अपलोड किया गया था। इस वीडियो को जुबीन गर्ग के अंतिम संस्कार का बताया गया।

पड़ताल के अगले चरण में हमें यह जानना था कि क्‍या तरुण को न्‍याय दिलवाने के लिए कोई रैली या प्रदर्शन का आयोजन हुआ था? गूगल ओपन सर्च के जरिए खोजने पर हमें कई खबरें मिलीं। जागरण डॉट कॉम पर 16 मार्च 2026 को पब्लिश खबर में बताया गया कि 15 मार्च को दिल्‍ली के हस्तसाल स्थित श्रीअयप्पा पार्क, एलआईजी फ्लैट्स क्षेत्र में सर्व हिंदू समाज की ओर से आक्रोश सभा सह श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई थी। इस सभा में हजारों की संख्या में लोग जुटे और हत्या में शामिल आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी कर उन्हें कठोर दंड देने की मांग उठाई।

सर्च के दौरान हमें DNAIndiaNews नाम के एक यूट्यूब चैनल पर प्रदर्शन का वीडियो मिला। 10 मार्च 2026 को अपलोड इस वीडियो में बताया गया कि तरुण को न्‍याय दिलवाने के लिए हिंदू ग्रुप ने प्रदर्शन किया।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच के दौरान दैनिक जागरण, नई दिल्‍ली के वरिष्ठ मुख्य अपराध संवाददाता राकेश कुमार सिंह से संपर्क किया। उन्‍होंने जानकारी देते हुए बताया कि तरुण हत्‍याकांड के बाद कई रैली, विरोध-प्रदर्शन तो हुए हैं, लेकिन वायरल वीडियो दिल्‍ली का नहीं है। यहां इतने बड़े स्‍तर पर प्रदर्शन नहीं हुआ है।

अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। हैंडल को मई 2023 में बनाया गया है। इसे एक लाख से ज्‍यादा लोग फॉले करते हैं।

निष्‍कर्ष: विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। असम के गायक जुबीन गर्ग के अंतिम संस्‍कार में मौजूद भीड़ के वीडियो को दिल्‍ली के तरुण हत्‍याकांड़ से जोड़ते हुए गलत दावे के साथ वायरल किया गया।

The post Fact Check: असम में जुबीन गर्ग के अंतिम संस्‍कार के वीडियो को दिल्‍ली के तरुण हत्‍याकांड से जोड़ते हुए किया गया वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments