नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने 8 मार्च को न्यूजीलैंड को हराकर शानदार जीत हासिल की। भारतीय खिलाड़ी संजू सैमसन को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया। इसी से जोड़ते हुए उनकी एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में उनकी पत्नी चारुलता रमेश को उनके पैर छूते हुए देखा जा सकता है। इस फोटो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट मिलने के बाद उनकी पत्नी ने ग्राउंड पर उनके पैर छूए।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल तस्वीर को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। इसे एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाया गया है।
क्या हो रहा है वायरल?
इंस्टाग्राम यूजर ‘gupteshwar.prasad.5203’ ने 9 मार्च 2026 को वायरल तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, “यह है भारतीय संस्कृति संजू सैमसंग को प्लेयर ऑफ़ द सीरीज बनने के बाद उनकी पत्नी मिलने से पहले पैर छूकर आशीर्वाद ……..

।”

पड़ताल
वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। हमने संजू सैमसन के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी खंगाला, लेकिन हमें दावे से जुड़ी कोई पोस्ट वहां भी नहीं मिली।
फोटो को गौर से देखने पर हमने पाया कि संजू सैमसन का चेहरा और हाव-भाव काफी अटपटे हैं। ऐसे में हमें फोटो के एआई होने का संदेह हुआ।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल तस्वीर को एआई डिटेक्शन टूल्स के जरिए चेक किया। सबसे पहले हमने ‘Hive Moderation’ टूल का इस्तेमाल किया। इस टूल ने फोटो के करीब 100 फीसदी एआई से बने होने की संभावना जताई।

हमने वायरल फोटो को एक अन्य टूल ‘Undetectable’ की मदद से भी चेक किया। इस टूल ने फोटो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

हमने फोटो के बारे में अधिक पुष्टि के लिए तीसरे टूल ‘decopy’ का इस्तेमाल किया। इस पर फोटो को अपलोड कर चेक किया गया। इस टूल ने 100 फीसदी तक फोटो के एआई से बने होने के संकेत दिए।

अधिक जानकारी के लिए हमने स्पोर्ट्स एनालिस्ट, जर्नलिस्ट और कमेंटेटर सैयद हुसैन से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल तस्वीर और किया जा रहा दावा, दोनों गलत है। यह तस्वीर फर्जी है और संजू के चेहरे को देखकर ही इसे समझा जा सकता है। इस तरह की कोई तस्वीर भी मीडिया में नहीं आई थी।
गौरतलब है कि संजू सैमसन ने फाइनल मैच के बाद 9 मार्च 2026 को अपनी पत्नी चारुलता रमेश के साथ इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर की थीं। इस पोस्ट में संजू ने उनका साथ देने के लिए अपनी पत्नी का शुक्रिया अदा किया था।

क्या है संदर्भ?
एनडीटीवी की वेबसाइट पर 8 मार्च 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। सूर्या सेना ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हरा दिया। भारत पहली टीम है जिसने टी20 वर्ल्ड कप के खिताब का बचाव किया है, पहली टीम है जिसने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीता है और पहली ऐसी टीम है जिसने अपने होम ग्राउंड पर यह खिताब जीता है।”
अंत में हमने वायरल तस्वीर को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 16 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि ग्राउंड पर संजू सैमसन के पैर छूते हुए उनकी पत्नी की वायरल तस्वीर को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। इसे एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाया गया है।
The post Fact Check: क्रिकेट ग्राउंड पर संजू सैमसन के पैर छूती उनकी पत्नी की तस्वीर एआई-निर्मित appeared first on Vishvas News.
0 Comments