What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: पीएम ने कांग्रेस पर लगाया था समाज को बांटने और सत्ता कब्जाने का आरोप, वायरल वीडियो आधा-अधूरा है

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक वीडियो क्लिप को वायरल कर यह दावा किया जा रहा है कि उन्होंने समाज और लोगों को “बांटने” का मूलमंत्र देते हुए सत्ता पर “काबिज” रहने की अपील की। वायरल वीडियो में उन्हें कथित तौर पर ऐसा बोलते हुए सुना भी जा सकता है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को फेक पाया, जिसे पीएम मोदी के खिलाफ राजनीतिक दुष्प्रचार की मंशा से शेयर किया जा रहा है। वायरल वीडियो क्लिप एडिटेड है, जिसकी वजह से पीएम के भाषण का मूल मतलब बदल गया है। 2024 में महाराष्ट्र दौरे के वक्‍त कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा था कि कांग्रेस और उनके साथियों का इकलौता मिशन “समाज को बांटने और सत्ता पर कब्जा” करने का है। वायरल वीडियो क्लिप में कांग्रेस से संबंधित हिस्से को एडिट कर अलग कर दिया गया है, जिससे उनके बयान का मूल मतलब बदल गया है।

क्‍या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Shailendra Pandey’ ने 12 फरवरी 2026 को एक वीडियो क्लिप अपलोड करते हुए लिखा, “एक ही मिशन है मीटरों, समाज को बाँटो फूट डालो और राज करो। जोर से बोलो हर हर मोई…विश्वगुरु से विषगुरु तक का सफर ……………!”

इस एडिटेड क्लिप को फेसबुक के अलावा एक्‍स पर भी काफी वायरल किया जा रहा है। वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज ने वायरल क्लिप की पड़ताल के लिए सबसे पहले इसके कई स्‍क्रीनशॉट लिए। फिर इन्‍हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। वायरल क्लिप का असली वीडियो हमें न्‍यूज एजेंसी एएनआई के एक्‍स हैंडल पर मिला। 5 अक्‍टूबर 2024 को एक मिनट 18 सेकंड का वीडियो पोस्‍ट करते हुए एएनआई की ओर से लिखा गया, #WATCH ठाणे, महाराष्ट्र: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “कांग्रेस जानती है कि उनका वोट बैंक तो एक रहेगा, लेकिन बाकी लोग आसानी से बंट जाएंगे। कांग्रेस और उनके साथियों का एक ही मिशन है, समाज को बांटो और सत्ता पर कब्जा करो। इसलिए हमारी एकता को ही देश की ढाल बनाना है, हमें याद रखना है कि अगर हम बंटेंगे तो बांटने वाले महफिल सजाएंगे। हमें कांग्रेस और अघाड़ी वालों के मंसूबों को कामयाब नहीं होने देना है…”

यह वीडियो देखने से स्‍पष्‍ट हो गया कि पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसके लिए कहा था कि कांग्रेस का एक ही मिशन है, समाज को बांटो और सत्ता पर कब्जा करो।

गूगल ओपन सर्च टूल के जरिए खोजने पर हमें कई न्‍यूज वेबसाइट पर वीडियो से जुड़ी खबरें मिलीं। नवभारत टाइम्‍स ने 5 अक्‍टूबर 2024 को प्रकाशित एक खबर में असली वीडियो का इस्‍तेमाल करते हुए लिखा, “कांग्रेस पार्टी का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस जानती है कि उनका वोट बैंक तो एक रहेगा, लेकिन बाकी लोग आसानी से बंट जाएंगे। कांग्रेस और उनके साथियों का एक ही मिशन है, समाज को बांटो और सत्ता पर कब्जा करो।”

सर्च के दौरान जागरण डॉट कॉम पर भी एक खबर मिली। इसे भी 5 अक्‍टूबर 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें भी कांग्रेस पर हमले वाली बात लिखी गई थी।

सर्च के दौरान जी न्‍यूज के यूट्यूब चैनल पर पीएम मोदी का पूरा बयान मिला। 6 अक्‍टूबर 2024 को अपलोड हुए इस वीडियो में पीएम मोदी को कांग्रेस पर हमला बोलते हुए देखा जा सकता है। यहां भी यह बताया गया है कि पीएम मोदी महाराष्ट्र के ठाणे में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। वहां उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस का मिशन समाज को बांटो और सत्ता पर कब्जा करो है।

विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो को लेकर भाजपा की सोशल मीडिया टीम के मेंबर शशि कुमार से भी बात की। उन्‍होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वायरल क्लिप अधूरी है। पीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए वायरल क्लिप वाली बात कही थी। महाराष्‍ट्र की रैली के पुराने वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके वायरल क्लिप तैयार की गई है।

जांच के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। शैलेंद्र पांडेय नाम का यह फेसबुक अकाउंट 4 फरवरी 2014 को बनाया गया था। यूजर मध्‍य प्रदेश के रीवा का रहने वाला है। इसे 18 हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्‍कर्ष: विश्वास न्‍यूज की जांच में पीएम मोदी की वायरल क्लिप एडिटेड साबित हुई। असली वीडियो में पीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए समाज को बांटने वाली बात कही थी। असली वीडियो 2024 का है।

The post Fact Check: पीएम ने कांग्रेस पर लगाया था समाज को बांटने और सत्ता कब्जाने का आरोप, वायरल वीडियो आधा-अधूरा है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments