What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: बीजेपी कार्यालय पर हमला करते लोगों का यह वीडियो UGC विरोध प्रदर्शन से संबंधित नहीं, वायरल दावा गलत 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियमों को लेकर हुए विवाद के बीच सोशल मीडिया पर ऑफिस जलाने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह यूजीसी को लेकर हुए प्रदर्शन का है और गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने भारतीय जनता पार्टी के दफ्तर में आग लगा दी है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल हो रहा वीडियो पुराना है और लद्दाख में हुए एक प्रदर्शन का है। दरअसल, सितंबर 2025 में लेह में पूर्ण राज्य की मांग को लेकर प्रदर्शन हो रहा था। इसी दौरान प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया और गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने भाजपा के दफ्तर में आग लगा दी। 

क्या हो रहा है वायरल?

इंस्टाग्राम यूजर ‘roshani_rajdeep1234’ ने 29 जनवरी 2026 को वायरल वीडियो को शेयर किया है। वीडियो पर लिखा हुआ है, “जला दिया बीजेपी दफ्तर यूजीसी हटाओ।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो न्यूज एजेंसी एएनआई के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिला। वीडियो को 24 सितंबर 2025 को शेयर किया गया था। कैप्शन में मौजूद जानकारी के अनुसार, वीडियो लद्दाख में हुए प्रदर्शन का है। लद्दाख के लोग पूर्ण राज्य की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान प्रदर्शन हिंसक हो गया और कुछ प्रदर्शनकारियों ने भाजपा कार्यालय में आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ झड़प भी हुई। 

पड़ताल के दौरान हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट न्यूज18 की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 24 सितंबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची की मांग पर लेह में जारी विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच पत्थरबाजी हुई, जिसमें कई लोग घायल हुए। गुस्साई भीड़ ने CRPF की गाड़ी और पुलिस की एक गाड़ी को आग के हवाले कर दिया, साथ ही BJP ऑफिस पर भी हमला किया।”

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण, जम्मू-कश्मीर के ब्‍यूरो चीफ नवीन नवाज से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो लद्दाख में पूर्ण राज्य की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन का है। 

पहले भी सोशल मीडिया पर यह वीडियो अलग-अलग दावों के साथ वायरल हो चुका है। विश्वास न्यूज ने उस दौरान भी वीडियो की पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।

डीडी न्यूज की वेबसाइट पर 29 जनवरी को छपी खबर के अनुसार, “सुप्रीम कोर्ट ने यूजीसी के नए नियमों को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार और यूजीसी को नोटिस जारी किया। साथ ही शीर्ष कोर्ट ने फिलहाल यूजीसी के नए नियमों पर रोक लगा दी है। अगली सुनवाई 19 मार्च को होगी। कोर्ट ने यह भी आदेश दिया कि तब तक 2012 के यूजीसी रेगुलेशन ही लागू रहेंगे। चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ ने इस मामले में सुनवाई की। याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन ने दलील दी कि उन्होंने यूजीसी के नए नियमों के सेक्शन 3सी को चुनौती दी है। उनका कहना था कि रेगुलेशन में भेदभाव की जो परिभाषा दी गई है, वह संविधान के अनुरूप नहीं है।”

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 10 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बीजेपी कार्यालय को आग लगाने के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल हो रहा वीडियो पुराना है और लद्दाख में हुए एक प्रदर्शन का है। दरअसल, सितंबर 2025 में लेह में पूर्ण राज्य की मांग को लेकर प्रदर्शन हो रहा था। इसी दौरान प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया और गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने भाजपा के दफ्तर में आग लगा दी थी।

The post Fact Check: बीजेपी कार्यालय पर हमला करते लोगों का यह वीडियो UGC विरोध प्रदर्शन से संबंधित नहीं, वायरल दावा गलत  appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments