What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: खुद के लिए नहीं, बल्कि नरेंद्र मोदी के तीसरी बार PM बनने पर PoK वापसी की बात की थी CM योगी ने

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो तेजी से वायरल किया जा रहा है। इस वीडियो में उन्हें यह कहते सुना जा सकता है, “प्रधानमंत्री बनने दीजिए, अगले 6 महीने में आप देखेंगे पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) भी भारत का हिस्सा होगा।” यूजर्स इसे इस दावे के साथ शेयर कर रहे हैं कि योगी आदित्यनाथ खुद के प्रधानमंत्री बनने की शर्त पर PoK वापस लाने का वादा कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज की जांच में यह दावा गलत निकला। वायरल वीडियो को संदर्भ से काटकर शेयर किया जा रहा है। असल वीडियो में योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनके तीसरे कार्यकाल की बात कर रहे थे।

क्या है वायरल पोस्ट?

थ्रेड्स यूजर ‘in_dian7598’ ने 29 जनवरी 2026 को एक वीडियो पोस्ट किया और दावा किया कि योगी आदित्यनाथ ने खुद के PM बनने पर PoK वापस लाने की बात कही है। पोस्ट का आर्काइव लिंक यहाँ देखा जा सकता है।

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने संबंधित कीवर्ड्स के जरिए यूट्यूब पर सर्च किया। हमें The Economic Times के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 18 मई 2024 को अपलोड किया गया मूल वीडियो मिला। यहां इसे महाराष्ट्र के पालघर में हुई जनसभा का बताया गया।

इस वीडियो में योगी आदित्यनाथ आतंकवाद और पाकिस्तान के मुद्दे पर कांग्रेस की आलोचना कर रहे थे। वीडियो में 01 मिनट 25 सेकंड के बाद योगी कहते हैं, “…और अब तो पाकिस्तान को पाक अधिकृत कश्मीर को बचाना मुश्किल हो रहा है। आप देखना चुनाव के बाद मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने दीजिए, अगले 6 महीने के अंदर आप देखेंगे कि पाक अधिकृत कश्मीर भी भारत का हिस्सा होगा।”

वीडियो के डिस्क्रिप्शन में भी इस वाले भाग को हाइलाइट करते हुए लिखा गया था “महाराष्ट्र: पालघर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “हम अपने दुश्मन की पूजा नहीं करेंगे। अगर कोई हमारे लोगों को मारता है, तो हम उनकी पूजा नहीं करेंगे, बल्कि उन्हें वैसा जवाब देंगे जिसके वे हकदार हैं। पाकिस्तान के लिए पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को बचाना मुश्किल हो गया है। पीएम मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे और छह महीने के अंदर PoK भारत का हिस्सा बन जाएगा।”

यह वीडियो 18 मई 2024 की और भी कई मीडिया रिपोर्ट्स में मिला। यहां भी साफ़ सुना जा सकता है कि योगी आदित्यनाथ ‘खुद’ के प्रधानमंत्री बनने की नहीं, बल्कि ‘मोदी जी’ के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने की बात कर रहे थे। वायरल वीडियो से “मोदी जी” वाला हिस्सा काटकर उसे इस तरह पेश किया गया,  जैसे वे अपने बारे में बोल रहे हों।

 इस विषय में हमने मुंबई में मिड-डे के वरिष्ठ संवाददाता समीउल्लाह खान से संपर्क किया। उन्होंने भी कन्फर्म किया कि वीडियो मई 2024 का है, जब योगी आदित्यनाथ ने पालघर में आम चुनावों से पहले एक जनसभा को संबोधित किया था।

वायरल वीडियो को शेयर करने वाले थ्रेड्स यूजर ‘in_dian7598’ को लगभाग 5000 यूजर फॉलो करते हैं।

The post Fact Check: खुद के लिए नहीं, बल्कि नरेंद्र मोदी के तीसरी बार PM बनने पर PoK वापसी की बात की थी CM योगी ने appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments