नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 29 अक्टूबर 2025 को राफेल विमान में उड़ान भरी थी। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर राष्ट्रपति का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें उनको कथित तौर पर पीएम मोदी पर ब्लैकमेल कर राफेल विमान में बैठेन का ऑर्डर देने का आरोप लगाते हुए दिखाया गया है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस वीडियो को असली समझकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो डीपफेक है। राष्ट्रपति ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर jansuraajbochaha ने 1 जनवरी 2026 को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “मोदी ने राष्ट्रपति को किया ब्लैकमेल, द्रौपदी मुर्मू को हटाकर खुद बनेगा राष्ट्रपति।” पोस्ट में पीएम मोदी की तस्वीर का भी इस्तेमाल किया गया है।
वीडियो में राष्ट्रपति को कहते हुए दिखाया गया है, “मैं इस वक्त भारतीय जनता से विनती करना चाहती हूं कि मोदी जी की हिंदुत्व सरकार ने मुझे ब्लैकमेक करके कल राफेल विमान पर बैठक का ऑर्डर दिया। मुझे मेरी जान, मेरे पति और मेरे बच्चे बहुत पसंद हैं। मैं यह काम नहीं करना चाहती, लेकिन भाजपा सरकार मुझे अपनी राजनीति का एक मोहरा साबित कर रही है। अगर राफेल विमान में मुझे कुछ हुआ तो इसकी जिम्मेदार मोदी जी और उनकी हिंदुत्ववादी राजनीति की होगी।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से गूगल पर इस बारे में सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे वायरल दावे की पुष्टि हो सके।
इसके बाद वीडियो के कीफ्रेम को हमने गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। इंडिया टुडे के यूट्यूब चैनल पर अपलोड 14 फरवरी 2025 को राष्ट्रपति के संबोधन का वीडियो मिला। यह बेंगलुरु में आयोजित कार्यक्रम का है। इसमें कहीं भी राष्ट्रपति वायरल बयान देते हुए नहीं दिखती हैं।
इससे यह तो साबित हो गया कि राष्ट्रपति ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। हमने इसमें एआई से छेड़छाड़ की संभावना को देखते हुए वीडियो को ऑरिजिन डॉट एआई से चेक किया। इसमें वीडियो में एआई से छेड़छाड़ की संभावना बताई गई है।

हमने वीडियो को डीपफेक-ओ-मीटर के AVSRDD (2025) मॉडल से भी चेक किया। इसमें भी इसको 100 फीसदी एआई संभावित बताया गया।

29 अक्टूबर 2025 को पीआईबी की प्रेस रिलीज के अनुसार, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हरियाणा में अंबाला वायु सेना स्टेशन से राफेल विमान में उड़ान भरी। मुर्मु भारतीय वायु सेना के दो लड़ाकू विमानों में उड़ान भरने वाली देश की पहली राष्ट्रपति हैं। इससे पहले उन्होंने 2023 में सुखोई 30 एमकेआई में उड़ान भरी थी।”
इस बारे में एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे का कहना है कि लिपसिंक देखने से पता चल रहा है कि इसमें एआई टूल का इस्तेमाल किया गया है।
फेक वीडियो को शेयर करने वाले यूजर के करीब 16 हजार फॉलोअर्स हैं।
The post Fact Check: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नहीं लगाया पीएम मोदी पर ब्लैकमेल करने का आरोप, डीपफेक है वायरल वीडियो appeared first on Vishvas News.
0 Comments