नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। राजस्थान पुलिस ने हाल ही में उत्तर प्रदेश के वृंदावन से बुर्का पहने दुष्कर्म आरोपी को गिरफ्तार किया था। इस मामले से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पुलिस की गिरफ्त में बुर्का पहने एक व्यक्ति को देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि आरोपी मुस्लिम है।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि आरोपी के धर्म को लेकर गलत दावा किया जा रहा है। आरोपी का नाम राजेंद्र सिंह सिसोदिया है। वह मुस्लिम नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर Binod Ojha ने 31 दिसंबर को इस वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है, “हिजाब (बुर्का) उतरते ही मोहम्मद मुस्लिम आरोपी पकड़ा गया। वृंदावन में बुर्का पहने हुए रेप का आरोपी गिरफ्तार। इनामी बदमाश ने राजस्थान के धौलपुर में नाबालिग लड़की का नौकरी दिलाने के बहाने किया था रेप। हिंदुओं आप मानते बुर्के की आड़ में घटिया काम हो रहे? हिजाब बुर्का बैन होना चाहिए ना?“

पड़ताल
वायरल वीडियो पर टाइम्स नाउ का लोगो लगा है, इसलिए हमने सबसे पहले टाइम्स नाउ के सोशल मीडिया अकाउंट्स को स्कैन किया। 30 दिसंबर को एक्स हैंडल से वायरल वीडियो को पोस्ट किया गया है। इसके साथ में जानकारी दी गई है कि पुलिस ने बुर्का पहनकर वृंदावन में रह रहे इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने राजस्थान के धौलपुर में नाबालिग लड़की का नौकरी दिलाने के बहाने रेप किया था।
इसके बाद हमने धौलपुर पुलिस का फेसबुक अकाउंट चेक किया। इससे 30 दिसंबर को इस मामले से संबंधित जानकारी पोस्ट की गई है। इसके अनुसार, नाबालिग से रेप के आरोपी राजेन्द्र सिंह सिसोदिया उर्फ रामभरोसी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसे यूपी के वृंदावन के गोवर्धन इलाके से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस से बचने के लिए वह महिला की वेष-भूषा में छिपा हुआ था। आरोपी आएसी का बर्खास्त कांस्टेबल है। पोस्ट में धौलपुर के एसपी विकास सांगवान का वीडियो बयान और पुलिस की गिरफ्त में बुर्का पहने आरोपी के वीडियो का कोलाज भी शेयर किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार की वेबसाइट पर 30 दिसंबर को इस मामले से संबंधित खबर छपी है। इसमें आरोपी का पूरा नाम रामभरोसी उर्फ राजेंद्र सिंह सिसोदिया पुत्र जनक सिंह जाति ठाकुर दिया गया है।
इस मामले में हमने धौलपुर के एसपी विकास सांगवान से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि आरोपी का नाम रामभरोसी उर्फ राजेंद्र सिंह सिसोदिया पुत्र जनक सिंह है। वायरल दावा गलत है।
गलत दावा करने वाले यूजर एक विचारधारा से प्रभावित है और उसके करीब चार हजार फॉलोअर्स हैं।
The post Fact Check: यूपी से गिरफ्तार किए गए बुर्का पहने दुष्कर्म आरोपी के धर्म को लेकर गलत दावा वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments