What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: बिल्डिंग में धमाके का वीडियो बांग्लादेश का नहीं, गाजा का है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बांग्लादेश में हाल में अल्पसंख्यकों पर हुई हिंसा से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है, जिसमें एक बहुमंजिला इमारत में जोरदार धमाका होते हुए देखा जा सकता है। धमाके के बाद आसपास मौजूद लोग दहशत में भागते नजर आते हैं। इस वीडियो को बांग्लादेश से जोड़ते हुए दावा किया जा रहा है कि देश में हालिया घटनाओं के दौरान यह धमाका हुआ है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। इस वीडियो का बांग्लादेश से कोई संबंध नहीं है। यह गाजा का सितम्बर 2025 का वीडियो है, जब गाजा की बहुमंजिला टावर मुश्तहा में धमाका हुआ था।

क्या है वायरल पोस्ट में ?

इंस्टाग्राम यूजर ‘योगी मोदी बीजेपी’ ने वायरल पोस्ट को 26 दिसंबर 2025 को शेयर करते हुए लिखा, “बांग्लादेश मिट्टी में मिल चुका है जय श्री राम।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने गूगल लेंस के जरिए वायरल वीडियो के की -फ्रेम्स को सर्च किया। सर्च में हमें यह वीडियो सुहैल अबू उमर नाम के थ्रेड अकाउंट  पर 7 सितंबर 2025 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां वीडियो के साथ दी गई जनाकरी के अनुसार, यह गाजा का वीडियो है।

इस अकाउंट पर वीडियो अच्छी क्वालिटी में अपलोड किया गया है। हमने वीडियो को गौर से देखा, वीडियो में हमें टेंट और बिल्डिंग पर लगे बैनर में अरबी लिखी हुई नजर आई।

इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें इसी मौके का वीडियो यूएई (संयुक्त राष्ट्र अमीरात) की न्यूज वेबसाइट अल हदीस के यूट्यूब चैनल पर 5 सितंबर 2025 को अपलोड किया मिला। यहां दी गई जानकारी के अनुसार, गाजा शहर के पश्चिम में घनी आबादी वाले कतीबा कैंप में 15 मंजिल की मुश्तहा टावर को निशाना बनाया गया है। बताया गया कि इजरायली विमानों ने इस इमारत पर तीन मिसाइलें दागीं हैं।

सर्च में हमें इसी से मिलता- जुलता वीडियो अल अरबिया अरबी के फेसबुक पेज पर भी 5 सितंबर 2025 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां जानकारी के अनुसार,यह वीडियो गाजा में हुए धमाके का है।

तुर्किये की न्यूज वेबसाइट एम स्टार डॉट कॉम और अरबिक सीएनएन पर भी इस धमाके से जुड़ी तस्वीरें देखी जा सकती हैं।  5 सितंबर 2025 की खबर में मुश्तहा टावर को निशाना बनाने से जुड़ी जानकारी दी गई है।  

वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण में अंतरराष्ट्रीय  मामलों को कवर करने वाले सीनियर संवाददाता जय प्रकाश रंजन से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वो  बांग्लादेश के हलिया मामले को  कवर कर रहे हैं, लेकिन इस तरह का कोई धमाका नहीं हुआ है।

बता दें, बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले में 27 वर्षीय हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की ईशनिंदा के कथित आरोप में की गई नृशंस हत्या ने भारत समेत वैश्विक स्तर पर आक्रोश पैदा कर दिया है। रिपोर्टों के अनुसार, एक उग्र भीड़ ने युवक को बेरहमी से पीटने के बाद उसके शव को पेड़ से लटकाकर आग के हवाले कर दिया, जिसकी विचलित करने वाली तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद मानव अधिकारों और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर ‘योगी मोदी बीजेपी’ की सोशल स्कैंनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को एक लाख 21 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

The post Fact Check: बिल्डिंग में धमाके का वीडियो बांग्लादेश का नहीं, गाजा का है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments