What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : बिहार चुनाव में भाजपा प्रत्याशी मैथिली ठाकुर का कटहल की सब्जी बनाने का अधूरा वीडियो फर्जी दावे के साथ वायरल

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक पर सरगर्मियां बढ़ गई हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर फर्जी व भ्रामक वीडियो व तस्‍वीरों की बाढ़ सी आ गई है। अब दरभंगा की अलीनगर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्‍याशी व युवा लोक गायिका मैथिली ठाकुर का एक वीडियो वायरल हो रहा है।

इसमें दावा किया जा रहा है कि शुद्ध शाकाहारी मैथिली ठाकुर मीट बना रही हैं। वीडियो को सच समझकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर रहे हैं। विश्‍वास न्‍यूज ने विस्‍तार से इसकी जांच की। यह फर्जी साबित हुआ। मैथिली के वीडियो के अधूरे हिस्‍से को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। असली वीडियो से यह स्‍पष्‍ट हुआ कि वे कटहल की सब्‍जी बना रहीं थीं।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर Rational Ambedkarite ने एक वीडियो को अपलोड करते हुए दावा किया, “शुद्ध शाकाहारी मैथिली ठाकुर मीट बना रही हैं।”

इस वीडियो में मैथिली ठाकुर को यह बोलते हुए सुना जा सकता है कि दोस्‍तों आज हम लोग बनाने जा रहे हैं मीट। वाह, क्‍या खूश्‍बू है।

कई सोशल मीडिया यूजर्स इसे सच समझकर शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आकाईव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने भाजपा प्रत्‍याशी मैथिली ठाकुर के वायरल वीडियो की जांच के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्‍स निकाले। फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें मैथिली ठाकुर के यूट्यूब चैनल पर असली वीडियो मिला। 10 जून 2025 को अपलोड इस वीडियो में उन्‍हें कटहल की सब्‍जी के बारे में विस्‍तार से बताते हुए देखा जा सकता है। वीडियो की शुरुआत में ही मैथिली को यह बोलते हुए सुना जा सकता है कि दोस्‍तों आज हम बनाने जा रहे हैं मीट। वेजिटेरियन मीट। जो कि है-कटहल।

पूरा वीडियो देखने से यह स्‍पष्‍ट हो गया कि मैथिली ने कटहल की सब्‍जी की बात करते हुए मीट का जिक्र किया था। दरअसल कटहल की सब्‍जी को देश के कुछ इलाकों में शाकाहारियों का मीट भी कहा जाता है। इसी संदर्भ में मैथिली ने इसे मीट कहा था। वीडियो में मीट के ठीक बाद उन्‍होंने वेजिटेरियन मीट और कटहल की सब्‍जी भी कहा था, लेकिन उस हिस्‍से को हटा दिया गया। जिसके कारण वायरल वीडियो का अर्थ ही बदल गया।

विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल के दौरान अपने सहयोगी दैनिक जागरण, बिहार के राज्य ब्यूरो प्रमुख अरुण अशेष से संपर्क करते हुए उनके साथ वायरल पोस्‍ट को शेयर किया। उन्‍होंने कहा कि मैथिली ठाकुर का वायरल वीडियो एडिटेड है। असली वीडियो में वे कटहल की सब्‍जी बना रही थीं।

पड़ताल के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि इसे सात हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर यूपी के लखीमपुर का रहने वाला है। यह अकाउंट दिसंबर 2017 में बनाया गया था।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में भाजपा प्रत्‍याशी मैथिली ठाकुर का वायरल वीडियो फर्जी साबित हुआ। दरअसल असली वीडियो में वे कटहल की सब्‍जी का जिक्र कर रही थीं। कटहल वाला भाग एडिट करके वायरल क्लिप को तैयार किया गया है।

बिहार चुनाव से जुड़े फैक्‍ट चेक नीचे पढ़ें…

The post Fact Check : बिहार चुनाव में भाजपा प्रत्याशी मैथिली ठाकुर का कटहल की सब्जी बनाने का अधूरा वीडियो फर्जी दावे के साथ वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments