नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर जवाहर लाल नेहरू की एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें उन्हें हाफ पैंट और सिर पर सफेद टोपी पहने हुए देखा जा सकता है। तस्वीर को शेयर कर यूजर्स दावा कर रहे हैं कि नेहरू राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (संक्षेप में संघ) के सदस्य थे।
विश्वास न्यूज ने इस पोस्ट की पड़ताल की और इस दावे को फर्जी पाया। नेहरू कभी भी संघ के सदस्य नहीं रहे। जिस ड्रेस में नेहरू की तस्वीर वायरल हो रही है, वह कांग्रेस के सेवादल की पुरानी ड्रेस है।
क्या है वायरल पोस्ट में
विश्वास न्यूज के वॉट्सऐप टिपलाइन नंबर पर कई यूजर्स ने इस तस्वीर को जांचने के लिए भेजा। सोशल मीडिया अर्काइव लिंक।

पड़ताल
इस तस्वीर की जांच के लिए हमने विश्वास न्यूज ने सबसे पहले जवाहर लाल नेहरू की वायरल तस्वीर को ध्यान से देखा। ब्लैक एंड व्हाइट यह तस्वीर काफी पुरानी दिखी। इसमें नेहरू को हाफ पैंट पहने हुए देखा जा सकता है। इसके अलावा शर्ट और सिर पर सफेद रंग की टोपी नजर आई। तस्वीर को गौर से देखने पर इसमें नीच मराठी में लिखा नजर आता है- ”पं जवाहरलाल नेहरू आणि इतर नैते।” (अनुवाद: जवाहरलाल नेहरू बाकी नेताओं के साथ।) नीचे दूसरी लाइन में लिखा है ”1939 साली उत्तर प्रदेशातील नैनी येथील।” (अनुवादः: साल 1939 में उत्तर प्रदेश के नैनी में).

आपको बताते चलें कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) जिसकी स्थापना 1925 में हुई थी, उसकी वेशभूषा में तो समय के साथ लगातार बदलाव हुए हैं, लेकिन उसकी टोपी का रंग उसकी स्थापना के समय से लेकर अभी तक काला ही रहा है और इसमें कभी कोई बदलाव नहीं आया है। यानी नेहरू जी की तस्वीर आरएसएस की नहीं, बल्कि कहीं और की है।
कीवर्ड्स की मदद से खोजने पर हमें पता चला कि कांग्रेस सेवा दल की यूनिफॉर्म वैसी ही थी, जैसी वायरल तस्वीर में दिख रही है। खोज में यह भी पता चला कि कांग्रेस सेवा दल, जो भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का एक संगठन है, उसकी स्थापना 1924 में की गई थी। इस तरह, यह संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) जिसकी स्थापना 1925 में हुई थी, से एक साल पहले स्थापित हुआ था, और जवाहरलाल नेहरू को इसका पहला अध्यक्ष बनाया गया था।
कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें जवाहर लाल नेहरू की सेवादल की वर्दी में कई तस्वीरें मिलीं, जो वायरल तस्वीर में पहनी हुई वर्दी से मैच खाती हैं।


वायरल तस्वीर की हकीकत जानने के लिए विश्वास न्यूज ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रणव झा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि जवाहरलाल नेहरू ने सेवादल की काफी पुरानी ड्रेस पहनी हुई है। नेहरू जी कभी भी संघ के किसी कार्यक्रम में नहीं गए थे।
संघ प्रेरित प्रकाशन हॉउस सुरुचि प्रकाशन के अध्यक्ष राजीव तुली ने भी हमें बताया कि जवाहर लाल नेहरू आरएसएस के कार्यक्रम या किसी शाखा में कभी नहीं गए।
The post Fact Check : नेहरू कभी नहीं रहे RSS के मेंबर, पुरानी तस्वीर फर्जी दावे के साथ वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments