नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क धंसने के बाद एक बड़ा गड्ढा हो जाता है। अब कुछ यूजर्स इस वीडियो को भारत का बताकर शेयर कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो दिल्ली का है, जहां अंडरग्राउंड मेट्रो निर्माण के कारण यह हादसा हुआ है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा फर्जी है। वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। असल में यह घटना सितंबर 2025 में थाईलैंड के बैंकॉक में हुई थी, जब व्यस्त सड़क पर भूमिगत ट्रेन स्टेशन के निर्माण के दौरान यह हादसा हुआ था। उसी वीडियो को अब दिल्ली का बताकर शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर Avinash Sharma ने 26 सितंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “दिल्ली में जमीन के नीचे मेट्रो चलाने का नतीजा।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। हमें वीडियो से जुड़ी खबर दैनिक जागरण डॉट कॉम की वेबसाइट पर मिली। 24 सितंबर 2025 को प्रकाशित खबर में वीडियो के स्क्रीनशॉट का इस्तेमाल किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार, यह वीडियो थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक का है। जहां एक व्यस्त सड़क पर भूमिगत ट्रेन स्टेशन के निर्माण के दौरान 50 मीटर गहरा गड्ढा बन गया, जिसमें तीन कारें और बिजली के खंभे समा गए।”
हमें वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट The Sun के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो को 24 सितंबर 2025 को अपलोड किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार,”बैंकॉक में लगभग 50 मीटर गहरा एक सिंकहोल खुल गया, जिससे एक व्यस्त सड़क का कुछ हिस्सा धंस गया। गड्ढे में बिजली के खंभे और कुछ वाहन भी गिर गए थे।”
इंडिया टीवी की एक खबर में वीडियो से जुड़ी जानकारी मिली। 25 सितंबर 2025 को प्रकशित खबर में बताया गया,”थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक 4-लेन सड़क अचानक धंस गई, जिससे सड़क पर एक बड़ा गड्ढा बन गया। हादसे में 3 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुईं, और पास की इमारतें खाली करा ली गईं। बताया जा रहा है कि यह हादसा अंडरग्राउंड ट्रेन स्टेशन के निर्माण के कारण हुआ है।”
वीडियो से जुड़ी अन्य न्यूज रिपोर्ट्स यहां पढ़ें।
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण दिल्ली के रिपोर्टर उदय जगताप से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यह वीडियो दिल्ली का नहीं है। अगर ऐसा कोई हादसा हुआ होता, तो मीडिया रिपोर्ट्स जरूर होती। वायरल दावा गलत है।
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाली यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। यूजर को 379 लोग फेसबुक पर फॉलो करते हैं।
The post Fact Check: सड़क धंसने का यह वीडियो भारत का नहीं, थाईलैंड का है appeared first on Vishvas News.
0 Comments