What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के वीडियो से की गई छेड़छाड़, एडिटेड क्लिप वायरल

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का एक वीडियो इनदिनों खूब वायरल हो रहा है। इसमें उन्‍हें यह बोलते हुए सुना जा सकता है कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह को चुनाव जीताने में हिंदुस्‍तान मदद करता है।

इस वीडियो को सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। विश्‍वास न्‍यूज ने इसकी जांच की। यह फर्जी साबित हुआ। दरअसल असली वीडियो में राहुल गांधी ने कहा था कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह की मदद हिंदुस्‍तान का चुनाव आयोग करता है। वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके चुनाव आयोग वाली बात हटा दी गई है। जिसके कारण राहुल गांधी के बयान का अर्थ ही बदल गया। असली वीडियो राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का है।

क्‍या हो रहा है वायरल

Dk Bhardwaj नाम के एक फेसबुक यूजर ने राहुल गांधी की 17 सेकंड की एक क्लिप अपलोड करते हुए लिखा, “सुनिए इस *** बाज का…नरेंद्र मोदी जीतता है और नरेंद्र मोदी और अमित शाह की मदद हिंदुस्तान करता है। ऐसे *** भी देश इस देश मे जीत जाते है कैसे मुर्ख वोटर है इनको वोट देने वाले।”

वीडियो में राहुल गांधी को यह बोलते हुए दिखा गया है, “और अच्‍छी तरह से सुनिए। नरेंद्र मोदी चुनाव जीतता है। नरेंद्र मोदी और अमित शाह की मदद हिंदुस्‍तान करता है।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने राहुल गांधी के वीडियो की जांच के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्‍स निकाले। फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें असली वीडियो कांग्रेस के फेसबुक पेज पर रील के फॉर्मेट में मिला। इसे बिहार के मुजफ्फरपुर में आयोजित ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में राहुल गांधी के दिए गए भाषण का बताया गया।

इसमें राहुल गांधी को यह बोलते हुए सुना जा सकता है, “मैं आपको गारंटी देकर कह रहा हूं। अच्‍छी तरह से सुनिए। नरेंद्र मोदी ‘वोट चोरी’ कर चुनाव जीतता है। नरेंद्र मोदी वोट चोरी करके, वोट कटवा के, वोट बढ़ा के चुनाव जीतता है। नरेंद्र मोदी और अमित शाह की मदद हिंदुस्‍तान का इलेक्‍शन कमीशन करता है।”

विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल के दौरान कांग्रेस के आधिकारिक यूट्यूब चैनल को स्‍कैन किया। हमें 27 अगस्‍त 2025 को लाइव एक वीडियो मिला। इसमें राहुल गांधी को 52 मिनट 10 सेकंड की टाइमलाइन पर यह बोलते हुए देखा जा सकता है, “भाइयों और बहनों मैं आपको गारंटी देकर कह रहा हूं और अच्‍छी तरह से सुनिए। नरेंद्र मोदी वोट चोरी करके चुनाव जीतता है। नरेंद्र मोदी वोट चोरी करके,वोट कटवा के, वोट बढ़ा के चुनाव जीतता है और नरेंद्र मोदी और अमित शाह की मदद हिंदुस्‍तान का इलेक्‍शन कमीशन करता है।”

गूगल ओपन सर्च टूल की मदद से सर्च करने पर हमें कई मीडिया रिपोर्ट मिलीं। नवभारत टाइम्‍स की वेबसाइट पर 27 अगस्‍त 2025 की एक खबर में बताया गया कि बिहार में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राहुल गांधी “वोटर अधिकार यात्रा” निकाल रहे हैं। राहुल गांधी ने मुजफ्फरपुर में एक रैली में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी चुनाव आयोग की मदद से चुनाव जीते हैं।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के राष्ट्रीय समन्वयक नितिन अग्रवाल से संपर्क किया। उनके साथ वायरल पोस्‍ट को शेयर किया। उन्‍होंने जानकारी देते हुए बताया कि राहुल गांधी ने हिंदुस्‍तान के चुनाव आयोग की बात कही थी। लेकिन वायरल क्लिप में चुनाव आयोग वाला हिस्‍सा जानबूझ कर एडिट करके हटा दिया गया है। वायरल पोस्‍ट फेक है।

पड़ताल के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। यूजर को पांच हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। इससे ज्‍यादा जानकारी इस अकाउंट के बारे में नहीं मिली।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। राहुल गांधी के वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके वायरल क्लिप तैयार की गई है। असली वीडियो में राहुल गांधी ने हिंदुस्‍तान का चुनाव आयोग बोला था। वायरल वीडियो से चुनाव आयोग हटा दिया गया। जिसके कारण राहुल गांधी के बयान का अर्थ ही बदल गया।

The post Fact Check : राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के वीडियो से की गई छेड़छाड़, एडिटेड क्लिप वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments