नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जम्मू-कश्मीर में हुई भारी बारिश के बाद तवी समेत कई नदियां उफान पर हैं। माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन और जम्मू में पुल भी क्षतिग्रस्त हुआ है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक बाइक सवार को सड़क पर पानी में बहते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे जम्मू का बताकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो पाकिस्तान के कराची का है। इसका जम्मू और अजमेर से कोई संबंध नहीं है।
वायरल पोस्ट
इंस्टाग्राम यूजर suniljandial53 ने 25 अगस्त को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर जम्मू लिखा हुआ है।

एक अन्य यूजर budhwada.mk (आर्काइव लिंक) ने इसे अजमेर का बताते हुए पोस्ट किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने इसका कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। 20 अगस्त को इंस्टाग्राम यूजर engrzabiullahboto ने इस वीडियो को पाकिस्तान के कराची का बताते हुए पोस्ट किया है।

यूट्यूब यूजर Rizwan King ने 21 अगस्त को इस क्लिप को पोस्ट कर इसे कराची में 19 अगस्त को हुई बारिश का बताया।
पाकिस्तान की न्यूज वेबसाइट खबरकदा के टिकटॉक अकाउंट से 6 दिन पहले इस वीडियो को पोस्ट किया गया है। इस पर लिखा है, “कराची में पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश से हुई तबाही और उसके बाद की स्थिति।” (भारत में टिकटॉक बैन होने के कारण हमने एक्सप्रेस वीपीएन की मदद से इस अकाउंट पर मौजूद पोस्ट को चेक किया था।)

यूनाइटेड नेशंस की वेबसाइट पर 21 अगस्त को छपी रिपोर्ट के अनुसार, सिंध प्रांत में 19 अगस्त को हुई भारी बारिश के कारण पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची में बाढ़ आ गई। वहां दीवारें गिरने और बिजली गिरने से करीब छह लोगों की मौत हो गई। शहर के कुछ हिस्सों में 145 मिलीमीटर तक बारिश हुई, जिससे सड़कें जलमग्न हो गईं। वहीं, जून के अंत से भारी मानसूनी बारिश और बाढ़ के कारण पाकिस्तान में करीब 739 लोगों की मौत हो चुकी है।

27 अगस्त को दैनिक जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, जम्मू डिवीजन में 26 अगस्त को हुई भारी बारिश के कारण माता वैष्णो देवी के करीब 20 हजार श्रद्धालु रेलवे स्टेशन और होटलों में फंसे हुए हैं। 20 से ज्यादा ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं और हाईवे धंसने के कारण जम्मू का संपर्क शेष भारत से कट गया है। वहीं, माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर दोपहर को भूस्खलन हुआ है।
27 अगस्त को भारतीय मौसम विभाग के एक्स हैंडल पर जानकारी दी गई है कि जम्मू में 26 अगस्त को सुबह 8.30 बजे से रात 11.30 बजे तक 360 मिमी (36 सेमी) बारिश रिकॉर्ड की गई है।
दैनिक जागरण के जम्मू संस्करण में 27 अगस्त को छपी खबर के मुताबिक, जम्मू संभाग में भारी बारिश, बादल फटने, बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। जम्मू में बारिश ने रिकॉड तोड़ दिया है। श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर पहाड़ दरकने से नौ श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 22 घायल हो गए। वैष्णो देवी की यात्रा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। डोडा जिले में बादल फटने से 13 वर्षीय बच्ची समेत चार की जान चली गई। वहीं, ऊधमपुर में भूस्खलन की चपेट में आकर तीन युवा नाले में बह गए। जम्मू में तवी, चिनाब, उज्ज समेत सभी नदियां खतरे के निशान के ऊपर या उसके करीब बह रही हैं। जम्मू में तवी नदी पर बना पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। जम्मू-पठानकोट राजमार्ग पर देविका पुल भी क्षतिग्रस्त हुआ है।

इस बारे में हमने दैनिक जागरण, जम्मू के रिपोर्टर अंचल सिंह से संपर्क कर उनको वायरल वीडियो भेजा। उनका कहना है कि यह जम्मू का वीडियो नहीं है।
पाकिस्तान के वीडियो को भारत का बताने वाले यूजर के 1286 फॉलोअर्स हैं।
The post Fact Check: जम्मू का नहीं, पाकिस्तान का है सड़क पर बहते बाइक सवार का वीडियो appeared first on Vishvas News.
0 Comments