What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: सवाई माधोपुर में आई बाढ़ के नाम से वायरल यह वीडियो AI-Generated है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। राजस्थान के कई क्षेत्रों में इन दिनों भारी बारिश के कारण बाढ़ आई हुई है। इसी बीच सोशल मीडिया पर बाढ़ का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर यह दावा किया जा रहा है कि यह राजस्थान के सवाई माधोपुर में आई बाढ़ का है।  

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह दावा गलत है। यह वीडियो असल में एआई निर्मित है।

क्या है वायरल?

इंस्टाग्राम यूजर ‘BP Public News‘ ने 25 अगस्त, 2025 को वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर किया। वीडियो के ऊपर लिखा था “प्रकृति के रोद्र रूप से सवाई माधोपुर जिला राजस्थान में लोग प्रकृति मां से रहम की लगा रहे है गुहार।”

पड़ताल

इस पोस्ट की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो को गौर से देखा। वीडियो में बहुत-सी कमियां थीं, जैसे क्लिप में दिख रही बकरियों के 2 मुंह थे, साथ ही एक ही फ्रेम में  तरीके से बकरियाें और चारपाई को 2 बार बहते हुए देखा जा सकता है। हमें शक हुआ कि यह क्लिप AI निर्मित हो सकती है।

हमने वीडियो को एआई की मदद से बने मल्टीमीडिया की जांच करने वाले हाइव मॉ़डरेशन टूल से सर्च किया। टूल ने इस क्लिप के एआई जेनरेटेड होने की संभावना 99.9 फीसदी तक बताई।

दूसरे एआई डिटेक्शन टूल ‘कैंटिलक्स’ ने भी इस क्लिप के एआई जेनरेटेड होने की संभावना 80 प्रतिशत से अधिक बताई।

हमने वायरल वीडियो को लेकर एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे एक्सपर्ट अजहर माचवे से भी बात की। उन्होंने भी कन्फर्म किया कि वीडियो को एआई तकनीक की मदद से बनाया  गया है।

कीवर्ड्स ढूंढ़ने पर हमें सवाई माधोपुर में बाढ़ की स्थिति को लेकर कई खबरें मिलीं।

दैनिक जगरण की 25 अगस्त 2025 की खबर के अनुसार, ” सवाई माधोपुर में सुरवाल बांध के ओवरफ्लो होने से एक बड़ा गड्ढा बन गया जिससे जड़ावता गांव के पास 2 किलोमीटर लंबी खाई बन गई। खेतों में पानी भरने से दो घर दो दुकानें और दो मंदिर ढह गए। विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश जारी रहने पर स्थिति और खराब हो सकती है।”

वहीं नवभारत टाइम्स की 26 अगस्त 2025 की खबर के अनुसार “राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले का जड़ावता गांव इन दिनों कुदरत की मार झेल रहा है। यहां हालात इतने खराब हैं कि लोग अपनी आंखों के सामने अपनी जिंदगी की कमाई से बने घर और खेत खलिहान बर्बाद होते देख रहे हैं। भारी बारिश और लगातार पानी के तेज बहाव ने पूरे गांव को तबाही की ओर धकेल दिया है। खेत जो कभी फसल से लहलहाते थे अब 50 से 55 फीट गहरी और करीब एक किलोमीटर लंबी खाइयों में बदल चुके हैं।”

वायरल वीडियो को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘BP Public News‘  को 19 हजार से अधिक यूजर फॉलो करते हैं।

The post Fact Check: सवाई माधोपुर में आई बाढ़ के नाम से वायरल यह वीडियो AI-Generated है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments