नई दिल्ली (विश्वास न्यूज़)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो क्लिप काफी ज्यादा शेयर की जा रही है। इसमें एक महिला पुलिसकर्मी को दूसरी महिला पैसे देते हुए नजर आ रही है। वीडियो में एक युवक की आवाज़ भी सुनाई दे रही है। वीडियो को शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि रिश्वत लेती महिला पुलिसकर्मी का यह वीडियो हालिया है।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। दरअसल, अप्रैल 2022 में उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक महिला एसआई को रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था। उसी वक्त के वीडियो को अब हाल में वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर We Support RaGa ने 1 अगस्त 2025 को एक वीडियो अपलोड करते हुए लिखा है, “उत्तर प्रदेश योगी सरकार की पुलिस रिश्वत लेती हुई।
भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश पुलिस की मौज से कट रही है बिना किसी भय के सरेआम रिश्वत ली जा रही है।”
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को हालिया बताकर शेयर किया है। वायरल पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखें।

पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले वायरल वीडियो के कई की-फ्रेम्स निकाले। फिर उन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें Punjab Kesari UP के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर वीडियो रिपोर्ट मिली। 2 मई 2022 को अपलोड वीडियो में बताया गया,”हाथरस में खुले आम रिश्वत लेते हुए पकड़ी गई महिला दारोगा। महिला दारोगा का रिश्वत लेते हुए वीडियो हुआ वायरल। वीडियो वायरल होने के बाद एसपी हाथरस ने महिला दारोगा को सस्पेंड कर दिया।”
सर्च के दौरान हमें जागरण डॉट कॉम की वेबसाइट पर वीडियो से जुड़ी खबर मिली। 30 अप्रैल 2022 को प्रकाशित खबर में बताया गया,”महिला थाना में तैनात उपनिरीक्षक भारती सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह रुपये का लेन-देन कर रही हैं। मामले में एसपी विकास कुमार वैद्य ने महिला एसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।”
हमें वीडियो से जुड़ी खबर भास्कर डॉट कॉम की वेबसाइट पर भी मिली। तीन वर्ष पहले प्रकाशित की गई खबर में वायरल वीडियो को साफ़ देखा जा सकता है। खबर में बताया गया,”हाथरस जनपद के महिला थाने में तैनात एसआई भारती सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में वो एक अन्य महिला से कुछ रुपये लेती नजर आ रही है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद हाथरस एसपी विकास कुमार वैद्य ने महिला एसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। इसके अलावा उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए थे।”
अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर देखा जा सकता है।
हमने वीडियो को दैनिक जागरण हाथरस के ब्यूरो चीफ संदीप सक्सेना के साथ शेयर किया। उन्होंने हमें बताया, “यह वीडियो पुरानी घटना का है।”
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चलाकि यूजर को 22 हजार लोग फॉलो करते हैं।
The post Fact Check : रिश्वत लेते हुए पकड़ी गई महिला एसआई का यह वीडियो 2022 का है, भ्रामक दावा वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments