What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: विपक्ष के हंगामे पर भड़के थे अरुण गोविल, वीडियो को एडिट कर गलत दावे से किया जा रहा वायरल 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर मेरठ से भारतीय जनता पार्टी के सांसद अरुण गोविल का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अरुण गोविल को कहते हुए सुना जा सकता है कि जिन लोगों ने इनको चुन के भेजा है उसे ये लोग क्या जवाब देंगे । संसद चलाने में कितना खर्चा होता है। उस खर्चे का भी इनका ध्यान नहीं है। दावा किया जा रहा है कि अरुण गोविल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्रा पर यह तंज कसा है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है और वीडियो एडिटेड है। असल में अरुण गोविल ने बिहार में चल रहे मतदाता पहचान पत्र के विशेष गहन पुनरीक्षण पर विपक्ष के हंगामे को लेकर यह बयान दिया था, जिसे अब एडिट कर गलत संदर्भ में वायरल किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल ?

इंस्टाग्राम यूजर ‘ramehar_chouhan’ ने 25 जुलाई 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “संसद शुरू होते ही विदेश भागे मोदी भड़के बीजेपी सांसद अरुण गोविल।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो को गौर से देखा। हमने पाया कि वीडियो में माइक पर न्यूज एजेंसी एएनआई का लोगो लगा हुआ है। हमने एएनआई के आधिकारिक एक्स अकाउंट को खंगाला। हमें वीडियो का लंबा वर्जन एक्स पर 23 जुलाई 2025 को शेयर हुआ मिला। मौजूद जानकारी के मुताबिक, अरुण गोविल पीएम मोदी नहीं, बल्कि विपक्षी दलों के बारे में बात कर रहे थे। कैप्शन के अनुसार, “ भाजपा सांसद अरुण गोविल कहते हैं, “विपक्ष का यह बहुत ही खराब रवैया है। उन्हें इस बात की परवाह नहीं है कि संसद चलाने में कितना खर्च आता है। सरकार पहले ही कह चुकी है कि वह हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष चर्चा नहीं करना चाहता, वह सिर्फ शोर मचाना चाहता है जो बहुत शर्मनाक है।”

वीडियो हमें सीएनबीसी आवाज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 23 जुलाई 2025 को अपलोड हुआ मिला। वीडियो में देखा जा सकता है कि रिपोर्टर बिहार में चल रहे मतदाता पहचान पत्र के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पर हो रहे  विपक्ष के हंगामे को लेकर अरुण गोविल से सवाल करती है और “वो कहते हैं कि यह विपक्ष का काफी खराब रवैया है। मुझे तो समझ में नहीं आता है कि जिन लोगों ने इनको चुन के भेजा है उसे ये लोग क्या जवाब देंगे । क्या ये करने के लिए इनकी जनता ने चुनकर भेजा है। कितनी शर्म की बात है यह। पार्लियामेंट चलाने में कितना खर्चा होता है। उस खर्चे का भी इनको ध्यान नहीं है। उन्हें देश की किसी भी चीज का ध्यान नहीं है। सिर्फ अपना शोर मचाना है। जब सरकार कह चुकी है कि वो चर्चा करने के लिए तैयार है। यह चर्चा नहीं करना चाहते हैं। इन्हें सिर्फ शोर मचाना है।”

अधिक जानकारी के लिए हमने उत्तर प्रदेश के प्रवक्ता अवनीश त्यागी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। उनके वीडियो को एडिट कर गलत तरीके से शेयर किया जा रहा है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को करीब दो हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि संसद के काम में रुकावट आने को लेकर बात करते अरुण गोविल के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो एडिटेड है। असल में अरुण गोविल ने बिहार में मतदाता पहचान पत्र को लेकर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण पर विपक्ष के हंगामे को लेकर यह बयान दिया था, जिसे अब एडिट कर गलत संदर्भ में वायरल किया जा रहा है। 

The post Fact Check: विपक्ष के हंगामे पर भड़के थे अरुण गोविल, वीडियो को एडिट कर गलत दावे से किया जा रहा वायरल  appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments