नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे इस वीडियो में एक युवक को ग्लाइडर (एक किस्म का हेलिकॉप्टर ) उड़ाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह बिहार का एक मुस्लिम छात्र है, जिसने हेलिकॉप्टर बना दिया है।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। वायरल वीडियो बांग्लादेश का है। बांग्लादेश के एक नौजवान ने खुद से विमान बनाया था। अब इसी वीडियो को भ्रामक दावे के साथ बिहार से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक यूजर ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “बिहार के एक मुस्लिम छात्र ने बनाया हेलीकाप्टर।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो के की- फ्रेम्स निकाले और गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। सर्च किए जाने पर हमें यह वीडियो बांग्लादेश से चलाये जाने वाले एक फेसबुक पेज पर अपलोड मिला। वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, किसान के बेटे जुल्हास ने खुद से प्लेन बनाने का कारनामा अंजाम दिया है।
इस मामले से जुड़ी खबर बांग्लादेशी न्यूज वेबसाइट द डेली स्टार पर भी अपलोड मिली। 6 मार्च 2025 की खबर के अनुसार, “यमुना नदी के किनारे जाफरगंज के ऊपर आसमान में एक अद्भुत कारनामा देखा गया। शैतगर तेओटा गाँव के 28 वर्षीय इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक जुल्हास मोल्ला ने अपने हाथों से बनाया एक अल्ट्रालाइट विमान सफलतापूर्वक उड़ाया। यह कोई साधारण उड़ान नहीं थी। 100 किलोग्राम से ज़्यादा वज़न वाला यह विमान, जुल्हास द्वारा एल्युमीनियम, स्टेनलेस स्टील और लोहे से पूरी तरह से हाथ से बनाया गया था। एक डिजिटल स्पीडोमीटर से लैस और एक साधारण 7-हॉर्सपावर के वाटर पंप इंजन द्वारा संचालित यह विमान 50 फीट की ऊँचाई तक पहुँचा, उसके बाद जुल्हास ने इसे सुरक्षित रूप से ज़मीन पर वापस लैंड किया।

डेली सन डॉट कॉम पर भी इस मामले से जुड़ी खबर मिली। खबर के अनुसार, यह मामला बांग्लादेश का है। इस मामले से जुड़ी ख़बरें यहां, यहां और यहां जा सकती हैं।
इससे मिलता-जुलता वीडियो हमें सोमोय न्यूज नाम के फेसबुक पेज पर मार्च को अपलोड किया हुआ मिला। यहां वीडियो में जुल्हास को सबके सामने विमान उड़ाते और रिवॉर्ड लेते हुए देखा जा सकता है।
वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने बांग्लादेश के पत्रकार सज्जाद हुस्सैन से संपर्क किया और उन्होंने हमें पुष्टि करते हुए बताया कि यह वीडियो बांग्लादेश का है, जहां जुल्हास नाम के एक नौजवान ने विमान बनाया था।
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को 44 हजार लोग फॉलो करते हैं।
The post Fact Check : बांग्लादेश के लड़के ने बनाया था ग्लाइडर, वीडियो बिहार के युवक के हवाले से वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments