नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। वक्फ (संशोधन) विधेयक से जोड़कर सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल किया जा रहा है। इसमें ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख व लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी को संसद में बैठे हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो के साथ दावा किया गया कि विधेयक के कारण ओवैसी रो पड़े। इसे सच समझकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने इसकी विस्तार से जांच की। पता चला कि दावा गलत है। वीडियो 7 अगस्त 2024 का है। इसका हालिया वक्फ (संशोधन) विधेयक से कोई संबंध नहीं है।
क्या हो रहा है वायरल
azeem_qureshi_taj नाम के थ्रेड्स यूजर ने 3 अप्रैल को इस वीडियो को शेयर किया। वीडियो में ओवैसी को अपना चश्मा उतर कर अपनी आँखे मलते हुए देखा जा सकता है। साथ में लिखा गया “मैंने कभी ओवैसी साहब को रोता हुआ नहीं देखा लेकिन आज भरे सदन मे रोने लगा इसका मतलब साफ है बिल से बहुत बड़ा नुकसान मुस्लिम समुदाय को होने वाला है अल्लाह रहम करें।”
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च करने पर हमें यह पूरा वीडियो न्यूज़ चैनल एनडीटीवी के यूट्यूब चैनल पर 7 अगस्त 2024 को अपलोड मिला।
इस वीडियो में ओवैसी ने वही कपडे पहने हुए हैं जो उन्होंने वायरल क्लिप में पहने हैं। पूरे वीडियो को देखने पर हमें वायरल क्लिप वाला हिस्सा 4 मिनट 22 सेकंड पर मिला। यहां ओवैसी अपना चश्मा उतारते हैं और अपनी आँखें मलते हुए दिखे।
वीडियो के साथ दिए गए डिस्क्रिप्शन के में लिखा था “पप्पू यादव का लोकसभा भाषण। फाइनेंस (न. 2) बिल 2024। एनडीटीवी इंडिया।” वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि ओवैसी रो नहीं रहे थे।
कीवर्ड्स से गूगल पर ओपन सर्च करने पर हमें यह वीडियो संसद टीवी के यूट्यूब चैनल पर भी 7 अगस्त 2024 को अपलोड मिला।
इसके बाद हमने ढूंढा कि ओवैसी ने वक्फ (संशोधन) विधेयक पर हो रही चर्चा के दौरान क्या पहना था। हमें इस चर्चा के कई वीडियो मिले और सभी में उन्होंने सफ़ेद रंग के कपड़े पहने थे जबकि वायरल वीडियो में उन्होंने नीले रंग के कपड़े पहने थे।
वायरल वीडियो के बारे में और ज्यादा जानकारी के लिए विश्वास न्यूज ने दैनिक जागरण के राष्ट्रीय ब्यूरो प्रमुख आशुतोष झा से संपर्क किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि लोकसभा में हो रही वक्फ (संशोधन) विधेयक चर्चा के समय ओवैसी ने सफ़ेद कपडे पहने थे, नीले नहीं। वायरल वीडियो पुराना है।
वायरल क्लिप को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले थ्रेड्स यूजर ‘azeem_qureshi_taj’ को लगभग 1000 यूजर फॉलो करते हैं।
The post Fact Check: असदुद्दीन ओवैसी के पुराने वीडियो को वक्फ (संशोधन) विधेयक से जोड़ते हुए किया जा रहा है वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments