नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें रोते हुए एक बच्चे को एक पुलिस कर्मचारी के साथ देखा जा सकता है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि यह बच्चा अपने माता-पिता से बिछड़ गया है और लोगों से इस वीडियो को अधिक से अधिक शेयर करने की मांग की जा रही है, ताकि बच्चा अपने घरवालों से मिल सके।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल पोस्ट के साथ किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो 2023 का है, जब यह बच्चा अपने पिता से बिछड़ गया था। उसी समय एक पुलिसकर्मी उसे समझाने और सांत्वना देने के लिए आगे आया। पूरा वीडियो देखने पर पता चलता है कि बच्चे के पिता उसी समय वहां आ गए थे, जिसके बाद बच्चा शांत हो गया था।
वायरल पोस्ट में क्या है
Gopal Gadriya नाम के इंस्टाग्राम यूजर ने वायरल वीडियो को शेयर किया और साथ में लिखा, “बच्चा खो गया अपने पापा को ढूंढ रहा है कृपया सभी लोग वीडियो को शेयर करे इस बच्चे के मम्मी पापा मिल जाए”
पोस्ट का आर्काइव लिंक यहाँ देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने इस वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को गूगल रिवर्स इमेज की सहायता से ढूंढा। हमें एशियानेट की वेबसाइट पर 12 दिसंबर 2023 को पब्लिश एक आर्टिकल में इस वीडियो का एक स्क्रीनशॉट मिला। खबर के अनुसार, “सबरीमाला में पिछले पांच दिनों से भक्तों की भारी भीड़ देखी जा रही है और भीड़ के कुप्रबंधन को लेकर विपक्ष लगातार केरल सरकार की आलोचना कर रहा है। भारी भीड़ के कारण कई तीर्थयात्री सबरीमाला मंदिर और भगवान अयप्पा के दर्शन किए बिना ही पंडालम से लौट रहे हैं। इस बीच सबरीमाला में रास्ता भटके एक बच्चे के रोने का वीडियो सामने आया है। फुटेज से पता चलता है कि बच्चा अपने पिता को ढूंढ रहा है, जो निलक्कल में भीड़ में खो गए थे। पुलिस के सामने हाथ जोड़कर चिल्लाने वाले बच्चे ने आखिरकार अपने पिता को देखकर हाथ हिलाया।”

इस खबर में पूरा वीडियो भी एम्बेड है, जिसमें बच्चे के पिता को आते देखा जा सकता है, जिसके बाद बच्चा शांत होता है और हाथ हिलाकर अभिवादन करता है।
हमें इस विषय में एक खबर हिंदुस्तान टाइम्स की वेबसाइट पर भी 13 दिसंबर 2023 को पब्लिश मिली। इस खबर में पुलिस के हवाले से बताया गया था कि बच्चा अपने पिता से बिछड़ने के कारण रो रहा था और इसके तुरंत बाद उसके पिता आ गए थे।
ज्यादा पुष्टि के लिए हमने इस विषय में केरल के पत्रकार प्रशांत एमएस से संपर्क साधा। उन्होंने बताया कि यह बच्चा अपने पिता से कुछ समय के लिए बिछड़ गया था और बस चलने लगी थी। पिता को बस में न पाकर बच्चा रोने लगा और रोते बच्चे को देख एक पुलिसकर्मी वहां आ गए। इसके कुछ ही समय बाद बच्चे के पिता वहां आ गए थे और बच्चा नॉर्मल हो गया था।
अंत में विश्वास न्यूज ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर Gopal Gadriya की सोशल स्कैनिंग की। यूजर के 6500 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
The post Fact Check: रोते हुए बच्चे का पुराना वीडियो भ्रामक दावे के साथ वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments