नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 48 और आम आदमी पार्टी (आप) को 22 सीटों पर जीत मिली है। वहीं, कांग्रेस को इस चुनाव में कोई भी सीट नहीं मिली है। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें शेयर किए गए वीडियो में कांग्रेस नेताओं को डांस करते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसके साथ में दावा कर रहे हैं कि ‘आप’ के हारने के बाद कांग्रेसी जश्न मना रहे हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो दिल्ली विधानसभा चुनाव का परिणाम आने से पहले का है। दरअसल, चुनाव के लिए कांग्रेस ने थीम सॉन्ग लॉन्च किया था, उस समय के वीडियो को अब परिणाम के बाद का बताकर झूठा दावा किया जा रहा है।
वायरल पोस्ट
एक्स यूजर Akhilesh Yadav (Son Of PDA) ने 8 फरवरी को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,
“आम आदमी पार्टी के हारने पर कांग्रेसी क्यों जश्न मना रहे हैं! कोई बता सकता है क्या? क्या कांग्रेस भाजपा से मिली है! ये नही चाहते है कि कोई क्षेत्रीय पार्टी जीते इसी लिए समाजवादी पार्टी को भी कांग्रेस से सावधान रहने की ज़रूरत है!!”
फेसबुक यूजर Aap Ballarpur ने भी 9 फरवरी को इस वीडियो को समान दावे के साथ पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है।

एबीपी लाइव के यूट्यूब चैनल पर भी 8 फरवरी को इस वीडियो को चुनाव के बाद का बताकर शेयर (आर्काइव लिंक) किया गया है।
पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। यूट्यूब चैनल The Congress Voice पर इस वीडियो को 23 जनवरी 2025 को अपलोड किया गया है। इसके अनुसार, वीडियो दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का थीम सॉन्ग लॉन्च करने के दौरान का है।
कीवर्ड से सर्च करने पर एक्स यूजर Sandeep Khasa के अकाउंट पर भी यह वीडियो मिला। इसे 23 जनवरी 2025 को अपलोड किया गया है।
न्यूज 24 के एक्स हैंडल से भी इस वीडियो को 23 जनवरी 2025 को पोस्ट करते हुए दिल्ली चुनाव के लिए कांग्रेस के थीम सॉन्ग लॉन्चिंग के समय का बताया गया है।
भारत निर्वाचन आयोग की प्रेस रिलीज के अनुसार, दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 5 फरवरी को वोटिंग और मतगणना 8 फरवरी को थी।

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में 70 सीटों में से 48 पर भाजपा और 22 पर ‘आप’ को जीत मिली है।

हमने दिल्ली कांग्रेस के उपाध्यक्ष मुदित अग्रवाल को वीडियो भेजकर उनसे संपर्क किया। उनका कहना है कि यह वीडियो परिणाम आने से पहले का है। जनवरी में दिल्ली चुनाव के लिए कांग्रेस का थीम सॉन्ग लॉन्च किया गया था। यह वीडियो उसी कार्यक्रम का है।
इससे साबित हो गया कि वायरल वीडियो चुनाव परिणाम आने से पहले का है।
पुराने वीडियो को चुनाव परिणाम के बाद का बताकर शेयर करने वाले एक्स यूजर Akhilesh Yadav (Son Of PDA) की प्रोफाइल पिक में समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर लगी है, जिससे यह हैंडल अखिलेश यादव का होने का भ्रक होता है, जबकि सपा अध्यक्ष का असली एक्स अकाउंट Akhilesh Yadav @yadavakhilesh है।
The post Fact Check: कांग्रेस नेताओं के डांस का पुराना वीडियो दिल्ली चुनाव के रिजल्ट के बाद का बताकर वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments