नई दिल्ली (विश्वास न्यूज़) : पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया की ‘इंडियाज गॉट लेटेंट ‘ पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर उठे विवाद के बाद अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें रोते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को पोस्ट कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट ‘ विवाद के बाद का है।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी जांच में पाया कि यह दावा झूठा है। यह वीडियो 2021 का है, जब कोविड के चलते रणवीर इलाहाबादिया के काम में रुकावट आई थी, और उन्होंने ये भावुक वीडियो शेयर किया था।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर Jagdish Prasad ने 12 फरवरी 2025 को वायरल वीडियो शेयर किया और कैप्शन में लिखा, “मुझे इसलिए बुरा लग रहा है कि मेरी वजह से पूरा काम बंद हो गया.. Hello @BeerBicepsGuy उर्फ़ रणबीर अल्लाहाबादी… काम बंद होने की वजह से बुरा नहीं लगना चाहिए, बल्कि तुझे इसलिए बुरा लगना चाहिए कि तूने उस माँ के बिस्तर पे नज़र दौड़ाई जिसने तुझे पैदा किया”
पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को गूगल लेंस पर सर्च करने पर हमें यह वीडियो रणवीर इलाहाबादिया के यूट्यूब चैनल पर 7 अप्रैल 2021 को अपलोड मिला। इस वीडियो में 30 सेकंड के बाद वायरल क्लिप वाला हिस्सा देखा जा सकता है। वीडियो कोविड के दौरान का था और इस व्लॉग में रणवीर ने अपना कोविड का अनुभव शेयर किया था
क्या है ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ कंट्रोवर्सी
यूट्यूबर और कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के एक एपिसोड में यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया की आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर काफी विवाद हुआ। शो के दौरान इलाहाबादिया ने एक प्रतिभागी से माता-पिता के निजी संबंधों पर आपत्तिजनक सवाल किया, जिसकी भारी आलोचना हुई। इसके परिणामस्वरूप, असम और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में उनके और शो की टीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा यूट्यूब को नोटिस भेजने के बाद इस एपिसोड को हटा दिया गया।
विवाद के बाद इलाहाबादिया ने X पर माफ़ी भी मांगी।
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के लिए एंटरटेनमेंट बीट कवर करने वाली स्मिता श्रीवास्तव से भी संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह क्लिप हालिया नहीं है, बल्कि कोविड के समय का है। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ कंट्रोवर्सी के बाद यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया ने जो वीडियो रिलीज़ किया है, वो अलग है।
आखिर में, हमने फेसबुक यूजर Jagdish Prasad के अकाउंट को स्कैन किया, जिसने झूठे दावे के साथ वीडियो शेयर किया था। यूजर के लगभग 2000 फॉलोअर्स हैं।
The post Fact Check: रणवीर इलाहाबादिया के रोने का यह वीडियो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ कंट्रोवर्सी से संबंधित नहीं है appeared first on Vishvas News.
0 Comments