What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: गुजरात में ट्रेन हादसे में 350 लोगों की मौत का दावा झूठा, वायरल वीडियो झारखंड में हुए पुराने एक्सीडेंट का है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ट्रेन हादसों के नाम पर सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। विश्वास न्यूज ऐसे ही कुछ वीडियो की सच्चाई सामने ला चुका है। अब गुजरात में ट्रेन हादसे का बताकर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। इसमें पटरी से उतरे ट्रेन के इंजन और डिब्बों को देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि गुजरात में हुए ट्रेन हादसे में 350 लोगों की मौत हो गई, जबकि 580 यात्री घायल हो गए हैं।

विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि गुजरात में हाल में इस तरह का कोई ट्रेन हादसा नहीं हुआ है। वायरल वीडियो जुलाई 2024 में झारखंड में हुए ट्रेन हादसे का है। उस हादसे में दो यात्रियों की मौत हुई थी।

वायरल पोस्ट

थ्रेड यूजर rajesh_pandit_06 ने 11 फरवरी को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है,

“गुजरात में हादसा बहुत बड़ा, लोगों की मोती 350, घायल हो 580, शेयर करे, पूरी की पूरी ट्रेन पलटी”

Claim of 350 Deaths in Gujarat Train Accident is False Viral Video is Old

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का स्क्रीनशॉट निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। एवेन्यू मेल नाम की वेबसाइट पर इससे संबंधित खबर छपी है। इसमें ट्रेन हादसे की तस्वीर अपलोड है। 30 जुलाई 2024 को छपी खबर के अनुसार, 30 जुलाई को चक्रधरपुर डिवीजन के बाराबाम्बो स्टेशन के पास हावड़ा-सीएसएमटी मुंबई मेल पटरी से उतर गई। इस कारण कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।

12810 Howrah-CSMT Mumbai Mail near Barabambo station Derail

खबर में अपलोड तस्वीर और वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट को देखने पर पता चलता है कि दोनों तस्वीरें एक ही ट्रेन हादसे की हैं।

Gujarat Train Accident, Gujarat Train, Gujarat Train Accident Video, Gujarat News, Viral News

मनी कंट्रोल के यूट्यूब चैनल पर 30 जुलाई 2024 को अपलोड वीडियो न्यूज में ट्रेन एक्सीडेंट की वीडियो क्लिप को देखा जा सकता है। इसके मुताबिक, झारखंड के चक्रधरपुर के पास हावड़ा-सीएसएमटी एक्सप्रेस पटरी से उतर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है।

30 जुलाई 2024 को एएनआई के यूट्यूब चैनल पर भी इससे संबंधित वीडियो न्यूज को देखा जा सकता है।

इसके बाद हमने इस बारे में गूगल पर कीवर्ड से सर्च किया। 24 दिसंबर 2024 को गुजरात के किम में दादर-पोरबंदर सौराष्ट्र एक्सप्रेस के गैर यात्री कोच के पहिए पटरी से उतर गए थे। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ था।  

गुजरात में हाल में हुए ट्रेन हादसे में 350 लोगों की मौत के दावे से संबंधित कोई रिपोर्ट हमें सर्च में नहीं मिली। इस बारे में हमने गुजराती दैनिक जागरण में एसोसिएट एडिटर जीवन कपूरिया से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यहां ऐसा कोई हादसा नहीं हुआ है। यह वीडियो भी गुजरात का नहीं है।

झूठे दावे के साथ वीडियो को शेयर करने वाले थ्रेड यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 100 फॉलोअर्स हैं।

हाल में इस तरह के कई झूठी पोस्ट कर भ्रम फैलाने की कोशिश की गई है। जैसे हाल ही में बालासोर ट्रेन हादसे के पुराने वीडियो के शेयर कर दावा किया गया था कि एक्सीडेंट में 200 लोगों की मौत हो गई। हमारी पड़ताल में यह दावा झूठा निकला था। इसके अलावा लखनऊ और बीकानेर में हुई मॉक ड्रिल के वीडियो को असली ट्रेन हादसे का बताकर शेयर किया गया था। इसी तरह से चिली में हुई ट्रेन दुर्घटना के पुराने वीडियो को कभी चेन्नई तो कभी लखनऊ में वंदे भारत ट्रेन के एक्सीडेंट का बताकर झूठ फैलाया गया है। वहीं, राजस्थान के अजमेर में ट्रेन हादसे के झूठे दावे के साथ हैदराबाद के पुराने एक्सीडेंट का वीडियो शेयर किया जा चुका है।

The post Fact Check: गुजरात में ट्रेन हादसे में 350 लोगों की मौत का दावा झूठा, वायरल वीडियो झारखंड में हुए पुराने एक्सीडेंट का है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments