What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: पीएम इंटर्नशिप स्कीम के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही करें आवेदन, वायरल पोस्ट से जुड़ा लिंक असली नहीं है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पीएम इंटर्नशिप स्कीम के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें दावा किया जा रहा है कि पीएम इंटर्नशिप योजना के तहत हर माह पांच हजार रुपये मिलेंगे। इसमें योजना का लाभ उठाने के लिए बायो में दिए लिंक पर क्लिक कर फॉर्म भरने को कहा गया है।    

विश्वास न्यूज ने पड़ताल की तो पता चला कि पीएम इंटर्नशिप योजना के नाम पर एक दूसरी वेबसाइट का लिंक दिया गया है, जिस पर ट्रैफिक बढ़ाने के मकसद से इस पोस्ट का इस्तेमाल किया गया है। इस योजना का लाभ लेने के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होता है।

वायरल पोस्ट

इंस्टाग्राम यूजर latestyojane1 ने 8 फरवरी 2025 को पोस्ट (आर्काइव लिंक) की है। इसमें बताया गया है कि 25 फरवरी से पहले इस फॉर्म को भरने पर हर महीने पीएम इंटर्नशिप योजना के तहत पांच हजार रुपये मिलेंगे, बस आपके घर में किसी की भी सरकारी नौकरी नहीं होनी चाहिए। अंत में फॉर्म भरने के लिए बायो में दिए लिंक पर क्लिक कर फॉर्म भरने की अपील की गई है।

Apply pm internship Scheme Official Website Warning Online Scams News

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले पीएम इंटर्नशिप योजना के बारे में कीवर्ड से सर्च किया। 4 दिसंबर 2024 को जागरण जोश में छपी रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना 2024 के तहत 12 अक्टूबर 2024 से आवेदन शुरू हो गए हैं। इसके तहत युवाओं को शीर्ष कंपनियों में इंटरर्नशिप करने का मौका मिलेगा। इस दौरान 12 महीने तक युवाओं को हर महीने पांच हजार रुपये मिलेंगे। इसके लिए शैक्षिक योग्यता 12वीं, आईटीआई प्रमाणपत्र, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा, या ग्रेजुएशन होनी चाहिए। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की आयु 21 से 24 साल के बीच होनी चाहिए।

Apply pm internship Scheme Official Website Warning Online Scams News

इस योजना का लाभ लेने के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://pminternship.mca.gov.in/ पर जाकर आवेदन करना होगा। वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, योजना के तहत आकस्मिक खर्चों के लिए छह हजार रुपये की एकमुश्त राशि भी मिलेगी। अभ्यर्थी के घर में किसी सदस्य की कमाई आठ लाख रुपये से ज्यादा न हो और कोई सरकारी नौकरी पर न हो। इसमें लाभार्थी का प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत बीमा भी होगा।

PM Internship Scheme Apply Only on Official Website Beware of Fake Links Scam

इसके बाद हमने वायरल पोस्ट को चेक किया। इस प्रोफाइल के बायो में जॉब्स योजना नाम की वेबसाइट का लिंक दिया गया है, जो कि पीएम इंटरर्नशिप योजना की आधिकारिक वेबसाइट नहीं है।  

PM Internship Scheme Apply Only on Official Website Beware of Fake Links Scam

इस बारे में साइबर एक्सपर्ट एवं सेंटर फॉर रिसर्च ऑन साइबर क्राइम एंड साइबर लॉ के चेयरमैन अनुज अग्रवाल का कहना है कि किसी भी योजना का लाभ लेने के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना चाहिए। इस तरह के फिशिंग लिंक्स के चक्कर में लोगों को आर्थिक नुकसान भी हो सकता है। इस तरह की पोस्ट किसी वेबसाइट पर ट्रैफिक बढ़ाने के लिए भी इस्तेमाल की जाती हैं। यह पोस्ट भी इस वेबसाइट का ट्रैफिक बढ़ाने के लिए प्रयोग की गई है।

पीएम इंटरर्नशिप स्कीम की पोस्ट शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। इस अकाउंट से इसी तरह की योजनाओं के बारे में बताती हुई कई वीडियो पोस्ट की गई है और उनके लाभ के लिए बायो में दिए गए लिंक पर क्लिक करने को कहा गया है।

The post Fact Check: पीएम इंटर्नशिप स्कीम के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही करें आवेदन, वायरल पोस्ट से जुड़ा लिंक असली नहीं है appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments