नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। हाल ही में हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में चुनाव संपन्न हुए हैं, और इसके बाद चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और झारखंड में होने वाले चुनावों की तारीखें भी जारी कर दी हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दल तैयारियों में जुटे हुए हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति को अपने पास खड़ी एक महिला को माला पहनाने के बाद उनसे जबरदस्ती हाथ मिलाते और फ्लाइंग किस का इशारा करते देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर कर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स दावा रहे हैं कि यह एक कांग्रेसी नेता हैं, जिन्होंने इस महिला का अपमान किया है।
विश्वास न्यूज ने इस दावे की जांच की और अपनी पड़ताल में पाया कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति कांग्रेस विधायक ताराप्रसाद बाहिनीपति हैं और उनके साथ में उनकी पत्नी मीनाक्षी बाहिनीपति खड़ी हुई हैं।
क्या है वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Sutharson Ramakrishnan (आर्काइव लिंक) ने 11 अक्टूबर को इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, “वरिष्ठ कांग्रेस नेता महिला का पूरे सम्मान के साथ कांग्रेस सदस्य के रूप में स्वागत करते हुए। बस थोड़ा थूको और जाओ”

पड़ताल
वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल लेंस का इस्तेमाल करके ढूंढा। हमें यह वीडियो न्यूज 18 ओडिया के यूट्यूब चैनल पर 29 दिसंबर 2022 को अपलोड मिला था। इसका टाइटल था, ମଞ୍ଚ ଉପରୁ Flying Kiss କରିଚାଲିଲେ Taraprasad Bahini Pati | Politician | Viral Video | Odia News। जिसका अनुवाद होता है “ताराप्रसाद बाहिनीपति ने मंच से फ्लाइंग किस किया।”
हमें इससे संबंधित खबर लेटेस्टली वेबसाइट पर भी 9 जनवरी 2023 को छपी मिली। खबर में लिखा था कि कांग्रेस विधायक ताराप्रसाद बाहिनीपति एक कार्यक्रम के दौरान अपनी पत्नी मीनाक्षी बाहिनीपति को फ्लाइंग किस देते हुए देखे गए। ताराप्रसाद ओडिशा की जयपोर विधानसभा से विधायक है।
हमें यह वायरल वीडियो ताराप्रसाद के आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी मिला था। इसमें हमें कार्यक्रम के दो वीडियो और दिखे। इसमें उनकी पत्नी साथ में खड़ी दिख रही हैं।
वायरल पोस्ट एक बार पहले भी गलत दावे के साथ वायरल हो चुकी है। उस समय भी विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की थी। उस समय इस मामले में अधिक पुष्टि के लिए हमने कांग्रेस विधायक ताराप्रसाद से संपर्क किया था। उनका कहना था, ‘वायरल वीडियो में मेरे साथ मेरी पत्नी खड़ी है।‘
वीडियो को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘Sutharson Ramakrishnan‘ की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। इसके मुताबिक, वह तमिलनाडु में रहते हैं और उनके फेसबुक पर 5 हजार से ज्यादा मित्र हैं।
The post Fact Check: कांग्रेस विधायक ने पत्नी से मिलाया था हाथ, वीडियो भ्रामक दावे के साथ वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments