What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : हरियाणा में नायब सैनी के विरोध का यह वीडियो चार साल पुराना है, तब वह सीएम नहीं थे

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के नाम से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें नायब सैनी समेत कुछ अन्य भाजपा नेताओं को ट्रैक्टर पर बैठे देखा जा सकता है, जबकि कई लोग काले झंडे लिए उनका रास्ता रोके हुए हैं और विरोध में नारे लगा रहे हैं। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सैनी का भारी विरोध हुआ।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि भाजपा नेताओं के विरोध का यह वीडियो करीब चार साल पुराना है। उस समय नायब सैनी मुख्यमंत्री नहीं थे। अक्टूबर 2020 में नारायणगढ़ में भाजपा की ट्रैक्टर यात्रा का किसानों ने विरोध किया था। उस वीडियो को हरियाणा विधानसभा चुनाव से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर ‘कर्ण सिंह आर्य‘ ने 23 सितंबर को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,

हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सैनी का भारी विरोध।
जो बीजेपी के नेता किसान के ट्रैक्टर से नफ़रत करते थे आज वो ट्रैक्टर पर बैठ कर वोट मांगने निकले।

protest against nayab singh saini viral video

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीफ्रेम से इस बारे में गूगल लेंस से सर्च किया। फेसबुक यूजर Punjab Spotters ने 16 अक्टूबर 2020 को इस वीडियो को पोस्ट करते हुए इसे कृषि कानूनों से जोड़ा था।

protest against nayab singh saini in haryana viral video

इससे यह तो साफ हो गया कि वायरल वीडियो करीब चार साल से इंटरनेट पर मौजूद है। इसके बाद हमने कीवर्ड से इस बारे में सर्च किया। द ट्रिब्यून के फेसबुक पेज पर 15 अक्टूबर 2020 को एक वीडियो न्यूज अपलोड की गई है। इसमें वायरल वीडियो से संबंधित क्लिप को दूसरे एंगल से देखा जा सकता है। पोस्ट के साथ जानकारी दी गई है कि अंबाला में किसानों ने भाजपा की रैली का विरोध किया।

protest against nayab singh saini in haryana viral video

अमर उजाला की वेबसाइट पर 15 अक्टूबर 2020 को छपी खबर के अनुसार, “नारायणगढ़ में किसानों ने भाजपा की ट्रैक्टर रैली का विरोध किया। ट्रैक्टर को कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सैनी चला रहे थे और अंबाला के सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री रतन लाल कटारिया समेत अन्य भाजपा नेता रैली में शामिल थे। हाईवे पर किसान काले झंडे लेकर सड़क पर लेट गए। इस वजह से यात्रा करीब तीन घंटे रुकी रही।” खबर में इस रैली की कुछ तस्वीरों को भी अपलोड किया गया है।

protest against nayab singh saini in haryana viral video

दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर भी 15 अक्टूबर 2020 को इससे संबंधित खबर को चार वर्ष पहले अपलोड किया गया है। इसमें लिखा है कि कृषि सुधार कानून के विरोध में किसानों ने नारायणगढ़ में भाजपा की ट्रैक्टर रैली को रोक दिया था।

protest against nayab singh saini in haryana viral video

इस बारे में हमने अंबाला में दैनिक जागरण के रिपोर्टर दीपक से संपर्क किया। उनका कहना है कि करीब चार साल पहले नारायणगढ़ में भाजपा नेताओं की ट्रैक्टर रैली का विरोध किया गया था। उस समय ट्रैक्टर पर कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सैनी भी सवार थे। इसमें रतन लाल कटारिया भी शामिल थे, जिनका मई 2023 में निधन हो गया था। वीडियो करीब चार साल पुराना है।

19 नवंबर 2021 को आजतक की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने का ऐलान किया है। तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ किसान काफी समय से प्रदर्शन ​कर रहे थे।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रेस नोट के मुताबिक, हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 5 अक्टूबर को होगा। चुनाव का नतीजा 8 अक्टूबर का आएगा।

protest against nayab singh saini in haryana viral video

पुराने वीडियो को हालिया समझकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के करीब 1700 फ्रेंड्स हैं।

The post Fact Check : हरियाणा में नायब सैनी के विरोध का यह वीडियो चार साल पुराना है, तब वह सीएम नहीं थे appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments