नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। इटली के कई शहर इन दिनों बाढ़ और भारी बारिश से जूझ रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तेज बहाव पानी के कारण घर टूटकर बहते देखे जा सकते हैं। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह इटली का वीडियो है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह क्लिप जापान में आई बाढ़ का है, जिसे लोग अब गलत दावों के साथ सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर S.N. Sharma ने 21 सितम्बर को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “आज इटली का देखिए *जल प्रलय* प्रकृति जब क्रोधित होती है तब किसी को भी नहीं छोड़ती। ।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च करना शुरू किया। हमें वीडियो aidacitraida नामक एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर 4 जुलाई 2021 को अपलोड मिला। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो जापान का था।

यहाँ के क्लू लेते हुए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च करना शुरू किया। हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट वियतनामी न्यूज पोर्टल 24h पर मिली। रिपोर्ट को 4 जुलाई 2021 को प्रकाशित किया गया है। रिपोर्ट में यह वीडियो जापान के शिजुका और कानागावा इलाके में आई बाढ़ का बताया गया है। बाढ़ के कारण कई इलाकों में जमीन खिसक गई और घर टूटकर पानी के साथ बह गए।

हमें वायरल वीडियो ऑस्ट्रेलियाई न्यूज चैनल 10 News First के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर जुलाई 2021 को पोस्ट हुआ मिला। कैप्शन में वीडियो को जापान में हुई घटना का बताया गया है।

हमने इस विषय में टोक्यो में रहने वाली स्वतंत्र पत्रकार ईवा कैस्पर से बात की। उन्होंने बताया कि यह बात सही है कि इटली इन दिनों बाढ़ से जूझ रहा है मगर वायरल वीडियो इटली का नहीं है। यह वीडियो जापान का है और अक्सर अलग-अलग जगहों के नाम से वायरल होता रहता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एस एन शर्मा को 600 लोग फॉलो करते हैं। यूजर उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।
The post Fact Check : जापान में आई बाढ़ के वीडियो को इटली का बताकर किया जा रहा वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments