विश्वास न्यूज (नई दिल्ली)। सोशल मीडिया पर एक घायल महिला के वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि कर्नाटक में चलती बस में दबंगों ने महिला का हाथ काट दिया।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो 18 जून को बसवराजपुरा के पास हुई एक सड़क दुर्घटना का है।
क्या हो रहा है वायरल ?
बीजेपी नेता ‘वसीम आर खान’ ने 25 मार्च 2023 को वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है, “यह तस्वीर आपको विचलित कर सकती है कर्नाटक में चलती बस में दबंगों ने महिला का हात काटा @RahulGandhi जी जवाब दो!”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स से सर्च करना शुरू किया। हमें यह वीडियो एक्सीडेंटल क्लर्क नामक एक ट्विटर अकाउंट पर 25 जून को शेयर हुआ मिला। कैप्शन में कन्नड़ भाषा में बताया गया है कि फ्री बस सेवा का लाभ उठाने के कारण महिला ने खिड़की से बस में चढ़ने की कोशिश की, जिसकी वजह से उसका हाथ कट गया। वहीं, कंमेंट में लोगों ने इसे एक सड़क दुर्घटना का बताया है।
न्यूज नेशन के पत्रकार ‘यासिर मुश्ताक’ ने 25 जून को ट्वीट करते हुए वायरल वीडियो को लेकर लिखा है,किसी ने उनसे मारपीट नहीं की है। 18 जून को, नंजनगुड में एक बस और ट्रक के बीच टक्कर हो गई थी, जिसमें 2 महिला यात्री घायल हो गईं। ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, क्योंकि उसकी गलती थी।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने KSRTC (कर्नाटक स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन ) के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगालना शुरू किया। हमें दावे से जुड़ी एक पोस्ट 25 जून 2023 को ट्वीट हुई मिली। KSRTC ने कन्नड़ भाषा में एक प्रेस रिलीज जारी करते हुए बताया है, सोशल मीडिया पर दुर्घटना के वीडियो को गलत तरीके से शेयर किया जा रहा है। 18/06/2023 को 1 बजकर 45 मिनट पर चामराजनगर डिपो की एक बस नंजनगुड से टी.नरसीपुर जा रही थी। तभी बसवराजपुरा के पास, तमिलनाडु पंजीकृत एक लॉरी तेज गति से आकर बस से टकरा गया। केएसआरटीसी बस के दाहिने हिस्से में टक्कर लगने से बस दुर्घटना का शिकार हो गई। पिछली खिड़की के पास बैठी हुई 33 वर्षीय शांता कुमारी का दाहिना हाथ कट गया और वो गंभीर रूप से घायल हो गई। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। लॉरी के खिलाफ कर्नाटक पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। कृपया गलत जानकारी न फैलाएं ।
विश्वास न्यूज ने पड़ताल के अंत में कन्नड़ दैनिक होसा दिगंथा के ग्रुप एडिटर विनायक भट से संपर्क किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया, “वायरल वीडियो बसवराजपुरा के पास हुई एक सड़क दुर्घटना का है। इसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही हैं।”
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 23 हजार लोग फॉलो करते हैं। प्रोफाइल पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, यूजर मुंबई का रहने वाला है । दिसंबर 2016 से यूजर ट्विटर पर सक्रिय है ।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि घायल महिला के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो 18 जून 2023 को बसवराजपुरा के पास हुई एक सड़क दुर्घटना का है।
The post Fact Check : कर्नाटक में सड़क दुर्घटना में महिला के साथ हुए हादसे के वीडियो को गलत संदर्भ में किया जा रहा वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments