What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकवी के 11 साल पुराने वीडियो को ओडिशा ट्रेन दुर्घटना से जोड़कर किया जा रहा शेयर

विश्वास न्यूज (नई दिल्ली)। ओडिशा के बालासोर में विनाशकारी ट्रेन दुर्घटना से जोड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी के नेता मुख्तार अब्बास नकवी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर यूजर्स दावा कर रहे हैं कि मुख्तार अब्बास नकवी ने अपनी पार्टी के खिलाफ जाते हुए ओडिशा ट्रेन हादसे के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो को फेक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। मुख्तार अब्बास नकवी का यह वीडियो साल 2012 का है। उस दौरान केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। वो वीडियो में बीजेपी नहीं, बल्कि कांग्रेस सरकार के बारे में बात कर रहे हैं। वो ओडिशा नहीं, बल्कि आंध्र प्रदेश में हुई एक रेल दुर्घटना के बारे में बात कर रहे हैं।

क्या हो रहा है वायरल ?

ट्विटर यूजर ‘चयन’ ने 3 जून 2023 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “चलो किसी बीजेपी के नेता ने तो हिम्मत दिखाई अपनी ही सरकार से सवाल पूछने की।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल वीडियो को गौर पर करने हमने पाया कि वीडियो पर कमल का लोगो लगा हुआ है। इसी आधार पर हमने बीजेपी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल को खंगालना शुरू किया। हमें असली वीडियो 23 मई 2012 को अपलोड हुआ मिला। मौजूद जानकारी के मुताबिक,  मुख्तार अब्बास नकवी आंध्र प्रदेश में हुई रेल दुर्घटना के लिए कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहरा रहे थे। 

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल पर इस ट्रेन हादसे से जुड़ी रिपोर्ट के बारे में सर्च करना शुरू किया। हमें टाइम्स ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर 22 मई 2012 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के अनुसार, हुबली-बेंगलुरु हम्पी एक्सप्रेस एक मालगाड़ी से टकरा गई थी। इस हादसे में करीब 25 लोगों की मौत हो गई थी।

अन्य न्यूज रिपोर्ट्स को यहां पर देखा जा सकता है। 

रेलवे और इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, उस दौरान तृणमूल कांग्रेस के नेता मुकुल रॉय रेल मंत्री थे और केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। 

अधिक जानकारी के लिए हमने भाजपा के प्रवक्ता विजय सोनकर शास्त्री से संपर्क किया। उन्होंने वायरल दावे को गलत बताया है। 

इससे पहले सोशल मीडिया पर रेल हादसे के एक सीसीटीवी वीडियो को ओडिशा रेल हादसे से जोड़ते हुए शेयर किया गया था। विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। दावा भ्रामक साबित हुआ। दरअसल 11 नवंबर 2019 को हैदराबाद के काचीगुड़ा रेलवे स्‍टेशन पर हुए हादसे का था। विश्वास न्यूज की इस फैक्ट चेक को यहां पढ़ा जा सकता है।

बालासोर रेल हादसे को लेकर एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसे लेकर दावा किया गया था कि हादसे की जगह मस्जिद मौजूद थी। विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया था। इस दावे के साथ वायरल तस्वीर में नजर आ रही इमारत मस्जिद नहीं, बल्कि इस्कॉन मंदिर था। विश्वास न्यूज की इस फैक्ट चेक को यहां पढ़ा जा सकता है। बालासोर रेल हादसे से जुड़ी अन्य खबरों को यहां पर पढ़ें।

अंत में हमने वीडियो को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के पेज को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर जनवरी 2014 से ट्विटर पर सक्रिय है। यूजर को 5,265 लोग फॉलो करते हैं।  प्रोफाइल पर यूजर ने खुद को दिल्ली का रहने वाला बताया हुआ है। 

निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि ट्रेन हादसे के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहरा रहे मुख्तार अब्बास नकवी का यह वीडियो साल 2012 का है। उस दौरान केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। वो वीडियो में बीजेपी नहीं, बल्कि कांग्रेस सरकार के बारे में बात कर रहे हैं। वो ओडिशा नहीं, बल्कि आंध्र प्रदेश में हुई एक रेल दुर्घटना के बारे में बात कर रहे हैं।

The post Fact Check : बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकवी के 11 साल पुराने वीडियो को ओडिशा ट्रेन दुर्घटना से जोड़कर किया जा रहा शेयर appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments