What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check : कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे , सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार की एडिटेड तस्‍वीर हो रही शेयर

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद एक तस्‍वीर वायरल हो रही है। इसमें कांग्रेस के अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कर्नाटक के मुख्‍यमंत्री सिद्धारमैया और डिप्‍टी सीएम डीके शिवकुमार को देखा जा सकता है। इस तस्‍वीर के बैकग्राउंड में दीवार पर देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू और एडविना माउंटबेटन को दिखाया गया है। कुछ यूजर्स इस तस्‍वीर को वायरल करते हुए कांग्रेस पर निशाना साध रहे हैं।

विश्‍वास न्‍यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि शेयर की जा रही कांग्रेस नेताओं की तस्‍वीर एडिटेड है। असली फोटो में मल्लिकार्जुन खरगे, सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के पीछे दीवार पर पेंटिंग लगी हुई है, न कि जवाहर लाल नेहरू और एडविना की कोई तस्‍वीर। पड़ताल में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई।

क्‍या है वायरल पोस्‍ट

विश्वास न्यूज के वॉट्सऐप टिपलाइन नंबर +91 9599299372 पर यूजर ने इस वायरल तस्‍वीर को भेजकर इसकी सच्चाई बताने का अनुरोध किया है।

Mallikarjun Kharge

पड़ताल

कांग्रेस नेताओं की वायरल तस्‍वीर की पड़ताल करने के लिए हमने इसे गूगल रिवर्स इमेज से सर्च किया। 18 मई 2023 को टाइम्‍स ऑफ इंडिया (आर्काइव लिंक) के ट्विटर अकाउंट से इससे मिलती-जुलती तस्‍वीर को ट्वीट किया गया है। इसमें तीनों कांग्रेस नेताओं को देखा जा सकता है। इसमें लिखा है कि कांग्रेस नेता सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार ने दिल्‍ली में मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की।

वायरल तस्‍वीर से मिलती-जुलती फोटो को कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भी ट्वीट (आर्काइव लिंक) किया गया है। इसे 18 मई 2023 को पोस्‍ट किया गया है।

वायरल तस्‍वीर में जहां दीवार पर जवाहर लाल नेहरू और एडविना की तस्‍वीर को दिखाया गया है, वहीं असली फोटो में तीनों कांग्रेस नेताओं के पीछे एक पेंटिंग टंगी हुई दिख रही है। मतलब असली तस्‍वीर को एडिट किया गया है।

Mallikarjun Kharge, siddaramaiah, dk shivakumar

इस बारे में और सर्च करने पर हमें 18 मई 2023 को एएनआई की वेबसाइट पर छपी खबर मिली। इसमें भी असली तस्‍वीर को देखा जा सकता है। खबर में लिखा है कि कांग्रेस नेता सिद्धारमैया और कर्नाटक कांग्रेस अध्‍यक्ष डीके शिवकुमार एक साथ दिल्‍ली में पार्टी अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर पहुंचे। इससे पहले दोनों कांग्रेसी नेताओं ने पार्टी के जनरल सेक्रेट्री केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की थी। बता दें कि 224 सीटों वाली कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 135 सीटों पर जीत हासिल की है। जबकि भाजपा को 66 और जनता दल (एस) को 19 सीटें मिली हैं। कांग्रेस सिद्धारमैया का नाम कर्नाटक के सीएम के रूप में एलान करने वाली है।

Mallikarjun Kharge, siddaramaiah, dk shivakumar

20 मई 2023 को गुड न्‍यूज टुडे की वेबसाइट पर छपी खबर में लिखा है कि कर्नाटक में नई सरकार बन गई है। कर्नाटक के नए सीएम के तौर पर सिद्धारमैया और डिप्‍टी सीएम के रूप में डीके शिवकुमार ने शपथ ली। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने उनको शपथ दिलाई। इनके अलावा आठ और म‍ंत्रियों ने भी शपथ ली है।

Mallikarjun Kharge, siddaramaiah, dk shivakumar

इस बारे में अधिक पुष्टि के लिए हमने उत्‍तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्‍ता अभिमन्‍यु त्‍यागी से संपर्क कर उनको वायरल तस्‍वीर भेजी। उनका कहना है, “कर्नाटक चुनाव में जीत के बाद सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार ने दिल्‍ली में कांग्रेस अध्‍यक्ष से मुलाकात की थी। उस दौरान की तस्‍वीर के साथ छेड़छाड़ करके वायरल फोटो तैयार की गई है।

कर्नाटक चुनाव से संबंधित अन्‍य फैक्‍ट चेक रिपोर्ट्स को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।

The post Fact Check : कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे , सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार की एडिटेड तस्‍वीर हो रही शेयर appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments