What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: मुलायम सिंह, लालू यादव, मायावती और सोनिया गांधी की संपत्ति को लेकर गलत दावा वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव, राजद मुखिया लालू यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की संपत्ति को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि मुलायम सिंह की संपत्ति 8470 करोड़, लालू की 6250 करोड़, मायावती की 4730 करोड़ और सोनिया गांधी की 40 हजार करोड़ रुपये है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सोशल मीडिया पर वायरल दावा गलत है। इसकी पुष्टि करने वाली कोई भी रिपोर्ट या खबर किसी भरोसेमंद वेबसाइट पर नहीं है।

क्या है वायरल पोस्ट में

फेसबुक यूजर Sanjeev Priyavrat (आर्काइव लिंक) ने 9 नवंबर को पोस्ट शेयर की। इसमें लिखा है,

मुलायम की संपत्ति 8470cr, लालू की 6250cr, माया… की 4730cr, सोनिया गांधी की 40 हजार करोड़, लेकिन मोदीजी चोर है।

पड़ताल

वायरल दावे की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले दिवंगत मुलायम सिंह यादव की संपत्ति के बारे में कीवर्ड से गूगल ओपन सर्च किया। नेताओं की संपत्ति और उनके अपराधों को लेखाजोखा रखने वाली वेबसाइट माई नेता पर हमें मुलायम की संपत्ति के बारे में जानकारी मिली। 2019 लोकसभा चुनाव में दिए गए हलफनामे के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति करीब 20.56 करोड़ रुपये है। मुलायम सिंह यादव लोकसभा चुनाव 2019 में मैनपुरी सीट से मैदान में उतरे थे।

Mulayam Singh Yadav Net Worth

इसके बाद हमने राजद मुखिया लालू यादव की संपत्ति के बारे में गूगल पर सर्च किया। 2009 लोकसभा चुनाव के दौरान दिए गए हलफनामे के अनुसार, लालू की कुल संपत्ति 3.20 करोड़ रुपये है। उन्होंने अपना आखिरी लोकसभा चुनाव 2009 में पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से लड़ा था।

Lalu Yadav Total Wealth

अब बात बसपा सुप्रीमो मायावती की संपत्ति की करें तो माई नेता के मुताबिक, मायावती की कुल संपत्ति करीब 111.64 करोड़ रुपये है। 2012 के राज्यसभा चुनाव के दौरान दिए गए एफिडेविट में उन्होंने यह जानकारी दी थी।

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 2019 का लोकसभा चुनाव रायबरेली से लड़ा था। माई नेता के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति करीब 11.82 करोड़ रुपये है।

Sonia Gandhi Total Wealth

माई नेता के मुताबिक, पीएम मोदी की कुल संपत्ति करीब 2.51 करोड़ रुपये है। इसके अलावा हमें वायरल पोस्ट में किए गए दावे की पुष्टि करती कोई रिपोर्ट नहीं मिली।

इस बारे में हमने यूपी कांग्रेस के प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी से बात की। उनका कहना है, ‘कांग्रेस को बदनाम करने के लिए ऐसी फर्जी पोस्ट वायरल की जाती है। कांग्रेस आम जनता की पार्टी है।‘ वहीं, सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. आशुतोष कुमार वर्मा ने भी इस पोस्ट को फेक बताया है।

यह पोस्ट पहले भी वायरल हो चुकी है। विश्वास न्यूज की पड़ताल को यहां पढ़ा जा सकता है।

फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘संजीव प्रियव्रत‘ की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। इसके मुताबिक, वह अहमदाबाद में रहते हैं और एक राजनीतिक विचारधारा से प्रेरित हैं।

The post Fact Check: मुलायम सिंह, लालू यादव, मायावती और सोनिया गांधी की संपत्ति को लेकर गलत दावा वायरल appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments