नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मुंबई के एक पार्क में कुछ नाबालिगों द्वारा एक युवक-युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया था, जिसके बाद आठ आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा था। इस घटना से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवकों की सरेआम परेड निकालते हुए पुलिस को देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि मुंबई पुलिस ने पार्क में युवक-युवती के साथ मारपीट करने वाले नाबालिग लड़कों की परेड निकाली है।
विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की जांच की तो पता चला कि वीडियो गुजरात के सूरत से संबंधित है। सूरत में हुई एक हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपियों की परेड निकाली थी। उस दौरान के वीडियो को मुंबई के युवक-युवती के साथ मारपीट वाले केस से जोड़कर वायरल किया जा रहा है। हमारी जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Amused’ ने 22 नवंबर 2026 को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “सख्त कार्रवाई! मुंबई के कुर्ला इलाके के एक पार्क में हिंदू कपल के साथ मारपीट करने वाले 8 आरोपियों को मुंबई पुलिस ने तुरंत धर दबोचा और इलाके में उनकी परेड भी कराई। मुंबई पुलिस के इस तेज़ और सख्त एक्शन को सलाम! जब गुंडागर्दी करने वालों को कानून का ऐसा सबक सिखाया जाता है, तभी आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ता है। सरेआम ऐसी बदसलूकी करने वालों के मन में पुलिस का यही खौफ होना ज़रूरी है। बहुत बढ़िया काम मुंबई पुलिस!”
पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें हमें पुलिसकर्मियों की कैप और कंधों पर ‘GP’ लिखा हुआ दिखा, जिसका मतलब है कि यह गुजरात पुलिस है।

इसके बाद हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। हमें ‘डेक्कन हेराल्ड’ की वेबसाइट पर 22 नवंबर 2026 को ‘पीटीआई’ के हवाले से छपी मुंबई की खबर (आर्काइव लिंक) मिली। खबर के अनुसार, “मुंबई में कुर्ला के एक पार्क में युवक और युवती पर कथित हमला करने के आरोप में हिरासत में लिए गए छह नाबालिगों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड ने 4 दिसंबर 2026 तक के लिए सुधार गृह भेज दिया है।” खबर के साथ वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स प्रयोग किए गए हैं।

वहीं, ‘Janmanas Shekhawati’ नाम के यूट्यूब चैनल पर 14 नवंबर 2026 को वायरल वीडियो को पोस्ट किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के अनुसार, यह मामला गुजरात के सूरत का है, जहां खटोदरा थाना क्षेत्र में दिवाली की रात पटाखे फोड़ने के विवाद में संतोष मोरे की हत्या हुई थी। पुलिस ने इस मामले में शाकिब, जावेद शेख, शाहिद और उनके कुछ साथियों को गिरफ्तार किया था और बाजार में उनकी परेड निकाली थी।
यूट्यूब चैनल ‘DainikRajeevTimes’ पर भी 14 नवंबर 2026 को वायरल हो रहे वीडियो को सूरत का बताते हुए पोस्ट किया गया था। पोस्ट के कैप्शन में लिखा है कि गुजरात के सूरत में पुलिस ने हत्या के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी परेड निकाली थी।
‘सूरत पुलिस’ के एक्स अकाउंट से 12 नवंबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट किया गया था। इसमें वायरल क्लिप का हिस्सा देखा जा सकता है। अकाउंट पर मौजूद जानकारी के अनुसार, “खटोदरा पुलिस ने खटोदरा थाना क्षेत्र के आजाद नगर में एक युवक की हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें कानून का सबक सिखाया।”
इसके बाद हमने कीवर्ड से गूगल सर्च किया। ‘भास्कर इंग्लिश’ की वेबसाइट पर 9 नवंबर 2026 को छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, सूरत के भाटार इलाके में दिवाली की रात बच्चों के साथ पटाखे फोड़ते समय 18 साल के प्रसिद्ध संतोष मोरे (उर्फ सनी) पर कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। पुरानी रंजिश को लेकर हुई एक मामूली बहस के बाद 6-7 लोगों ने मिलकर सनी पर धारदार हथियार से वार किया। इस हमले में सनी की मौत हो गई।

इस बारे में हमने सूरत में ‘दैनिक जागरण’ के रिपोर्टर मयूर ठाकर से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो सूरत के एक मामले का है।
क्या है संदर्भ?
मुंबई के कुर्ला स्थित एक पार्क में एक युवक युवती के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया था। ‘आजतक’ की 21 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, 19 नवंबर को युवक और युवती प्रमोद महाजन पार्क में फोटो खींच रहे थे। इस दौरान 8-10 लड़कों ने उन पर अश्लील टिप्पणियां कीं। कपल के विरोध करने पर लड़कों ने उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने इस मामले में आठ नाबालिगों को पकड़ा है।
सूरत के वीडियो को मुंबई का बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। यह फेजबुक पेज 1 फरवरी 2023 को बना था और इसके 400 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: गुजरात के सूरत में पुलिस ने हाल में पांच हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर उनकी परेड निकाली थी। उस दौरान के वीडियो को मुंबई के कुर्ला में युवक और युवती के साथ हुई मारपीट से जोड़कर वायरल किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल दावा भ्रामक है।
The post Fact Check: सूरत में हत्यारोपियों की परेड निकालने का वीडियो मुंबई में युवक-युवती से मारपीट के आरोपियों का बताकर वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments