What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: इजरायल में चुनाव के बीच नेतन्याहू पर हमले के दावे के साथ वायरल हुआ पुराना और असंबंधित वीडियो

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अक्टूबर 2026 में इजरायल में हुए आम चुनाव में किसी भी राजनीतिक पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। नई सरकार बनने तक बेंजामिन नेतन्याहू कार्यवाहक प्रधानमंत्री बने रहेंगे। इसी बीच एक शख्स पर अटैक करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति स्टेज पर स्पीच दे रहा है, तभी गन लेकर एक शख्स आता है और हमला कर देता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो हाल ही में बेंजामिन नेतन्याहू पर हुए तथाकथित हमले का है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल हो रहे वीडियो का बेंजामिन नेतन्याहू से कोई संबंध नहीं है। असल में यह वीडियो जनवरी 2013 में बुल्गारिया के एक राजनेता पर हुए हमले का है। इस पुराने और असंबंधित वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Newscap l News That Matters’ ने 29 अक्टूबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “ब्रेकिंग तेल अवीव में नेतन्याहू पर एक बहुत खतरनाक हमला हुआ है। ऐसा लगता है कि उन्हें गंभीर चोटें आई हैं, और उन्हें अमेरिका ले जाने के लिए एक विमान भेजा जा रहा है।” 

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। इस दौरान हमें वायरल हो रहा वीडियो यूके के यूट्यूब चैनल ‘Onlooker UK’ पर मिला। वीडियो को 19 जनवरी 2013 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, बुल्गारिया की नस्लीय तुर्की पार्टी (मूवमेंट फॉर राइट्स एंड फ्रीडम्स) के नेता अहमद डोगन जब स्टेज पर स्पीच दे रहे थे, इस दौरान एक शख्स ने उन पर हमला करने की कोशिश की थी और बंदूक तान दिया था। हालांकि, सुरक्षा गार्डों ने हमलावर को तुरंत पकड़ लिया था।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने संबंधित कीवर्ड्स की मदद से गूगल सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट ‘reuters’ की वेबसाइट पर 19 जनवरी 2013 को प्रकाशित मिली। इस रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना को लेकर पुलिस का कहना था कि हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया, वह काला सागर तट पर स्थित बुर्गास शहर का रहने वाला था। युवक के पास दो चाकू भी थे।

दोनों तस्वीरों के बीच की समानताओं को नीचे देखा जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए हमने इजरायल के फैक्ट-चेकर उरिय्या बार मीर से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। बेंजामिन नेतन्याहू पर कोई जानलेवा हमला नहीं हुआ है। इस वीडियो को नेतन्याहू के नाम पर शेयर करके भ्रम फैलाया जा रहा है। 

क्या है संदर्भ?

‘टाइम्स ऑफ इजराइल’ की वेबसाइट पर 28 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के नेतृत्व वाले गुट लिकुड पार्टी को 53 सीटें मिली हैं, जबकि यशर पार्टी के अध्यक्ष और प्रमुख विपक्षी नेता गादी आइजेनकोट के नेतृत्व वाले गुट को 48 सीटें मिली हैं। दोनों ही गुटों में से किसी को सरकार बनाने के लिए स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को 61 सीटें चाहिए।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक पेज के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस पेज के 200 से अधिक फॉलोअर्स हैं। यह यूजर जुलाई 2026 से फेसबुक पर सक्रिय है और प्रोफाइल में खुद को दिल्ली का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि बेंजामिन नेतन्याहू पर हुए तथाकथित हमले के दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो पुराना और असंबंधित है। यह वीडियो जनवरी 2013 में बुल्गारिया के एक राजनेता पर हुए हमले का है। 

The post Fact Check: इजरायल में चुनाव के बीच नेतन्याहू पर हमले के दावे के साथ वायरल हुआ पुराना और असंबंधित वीडियो appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments