What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: स्पेन के चर्च में भगवान गणेश की प्रतिमा लाने का वीडियो 2017 का है, 2026 का नहीं

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। देश और विदेश में कई जगह गणेशोत्सव-2026 मनाया जा रहा है। इस बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि स्पेन में गणपति की प्रतिमा को चर्च के अंदर लाया गया। वीडियो में चर्च के अंदर भगवान गणेश की प्रतिमा को लाते हुए देखा जा सकता है।

विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की जांच की तो पता चला कि यह अगस्त 2017 का है। उस दौरान स्पेन के शहर स्यूटा में गणेशोत्सव के समापन पर धार्मिक जुलूस निकाला गया था। उस दौरान पादरी ने प्रतिमा को चर्च के अंदर लाने की इजाजत दी थी। हालांकि, इसके बाद पादरी ने इस्तीफा दे दिया था।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘Saket Sinha’ ने 20 सितंबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “स्पेन में गणेश जी की शोभायात्रा को चर्च के सामने वाली सड़क से निकालने के लिए चर्च के अधिकारियों से अनुमति मांगी गई। चर्च के अधिकारियों ने कहा कि गणेश जी की प्रतिमा को अंदर लेकर आइए, ताकि वे हम सभी को आशीर्वाद दे सकें।”

Spain Ganesh Utsav Ganesh Idol Enter in Church Video Old

विश्वास न्यूज के वॉट्सऐप नंबर +919205270923 पर भी इस वीडियो को भेजकर इसकी सत्यता जांचने का आग्रह किया गया है।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। उद्योगपति एवं महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने इस वीडियो को 8 सितंबर 2018 को शेयर करते हुए लिखा था, “जब गणपति बप्पा के हमारे घरों में फिर से पधारने का समय आ गया है, तो यह पुराना वीडियो मिलना बहुत अच्छा लगा। ऐसा लगता है कि बार्सिलोना में भारतीय समुदाय ने शहर और रास्ते में पड़ने वाले कुछ चर्चों से जुलूस निकालने की अनुमति ली थी। एक चर्च ने उन्हें अंदर आमंत्रित किया… वसुधैव कुटुंबकम्!” (अनुवाद)

स्पेन के न्यूज पोर्टल ‘elfarodeceuta’ के यूट्यूब चैनल पर 28 अगस्त 2017 को गणेशोत्सव का एक वीडियो अपलोड किया गया था। इसमें 7:50 मिनट के बाद वायरल क्लिप को देखा जा सकता है। वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, स्यूटा में हिंदू समुदाय ने गणेशोत्सव का समापन एक भव्य धार्मिक जुलूस के साथ किया। इस समारोह का समापन समुद्र में दो मूर्तियों के विसर्जन के साथ हुआ। (गूगल ट्रांसलेट से किया गया अनुवाद)

इस बारे में स्पेन के न्यूज पोर्टल ‘larazon’ पर 29 अगस्त 2017 को एक खबर छपी थी। इसमें वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट भी देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, “स्यूटा शहर के चर्च ‘वर्जिन ऑफ अफ्रीका’ में हिंदू देवता गणेश की मूर्ति को अंदर लाने की इजाजत देने के बाद वहां के पादरी ने इस्तीफा दे दिया है। चर्च में गणपति की मूर्ति को प्रवेश की अनुमति देने के लिए स्यूटा के विकार जनरल को फटकार लगाई गई थी।”

Spain Ganesh Utsav Ganesh Idol Enter in Church Video Old

इस बारे में हमने स्पेन में हिंदू धार्मिक कार्यक्रमों व त्योहारों की जानकारी देने वाले बार्सिलोना निवासी और डिजिटल क्रिएटर शरद त्रिवेदी से संपर्क किया और उन्हें वायरल वीडियो भेजा। शरद त्रिवेदी फेसबुक पेज ‘Catalunyaar’ भी चलाते हैं। उन्होंने कहा कि स्पेन में साल 2026 में भी गणेशोत्सव मनाया जा रहा है, लेकिन यह वायरल वीडियो पुराना है।

क्या है संदर्भ?

गणेशोत्सव की शुरुआत 14 सितंबर 2026 को गणेश चतुर्थी के साथ हुई थी। इसका समापन 25 सितंबर 2026 को गणपति विसर्जन के साथ होगा। स्पेन में भी भारतीय समुदाय इस पर्व को मनाता है। यूट्यूब चैनल ‘FaroTV Ceuta’ पर 15 सितंबर 2026 को अपलोड किए गए वीडियो में स्पेन के एक मंदिर में गणेशोत्सव पर आयोजित समारोह और आरती देखी जा सकती है।

पुराने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। नोएडा के रहने वाले फेसबुक यूजर एक राजनीतिक दल से जुड़े हुए हैं और उनके करीब 12 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: स्पेन के स्यूटा शहर में अगस्त 2017 में भगवान गणेश की प्रतिमा को चर्च के अंदर लाने की अनुमति दी गई थी। उस दौरान के वीडियो को 2026 का बताकर पोस्ट किया गया है।

The post Fact Check: स्पेन के चर्च में भगवान गणेश की प्रतिमा लाने का वीडियो 2017 का है, 2026 का नहीं appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments