नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। धर्मेंद्र प्रधान के केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देने के बाद ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) का छात्र आंदोलन खत्म हो चुका है। अब इसी से जोड़ते हुए सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके के एक वीडियो को सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में उन्हें पुलिस के सामने हाथ जोड़ते और घुटने पर बैठते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस कमिश्नर का दंगाइयों और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के निर्देश के बाद दीपके पुलिस के सामने हाथ जोड़ने लगे।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल वीडियो धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद का नहीं, बल्कि उससे पहले का है। 9 जुलाई 2026 को अभिजीत दीपके ने एक वीडियो शेयर करते हुए बताया था कि वह बारिश से छात्रों को बचनाने के लिए टेंट लगाना चाहते थे और पुलिस का परमीशन लेने के लिए उनके सामने हाथ जोड़ रहे थे।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘डिजिटल लाइव शिवपुरी’ ने 26 जुलाई 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा देने के बाद भी….कॉकरोच अभिजीत दीपके जंतर मंतर छोड़ नहीं रहे और PROTEST भी बंद नहीं कर रहे थे। जैसे ही यह खबर आई कि पुलिस कमिश्नर ने एक ऑर्डर जारी किया है, जिसमें दंगाई और असामाजिक तत्वों की पहचान करके.. उनके खिलाफ एक्शन लेने और ज़रूरत पड़ने पर पासपोर्ट कैंसिल करने और उन्हें 12 महीने तक तिहाड़ जेल में रखने जैसे कदम उठाने का आदेश दिया गया है…खुद को बड़ा लीडर मानने वाला ‘कॉकरोच लीडर’ सचमुच घुटनों के बल बैठ गया और रहम की भीख मांगने लगा…”मुझे अकेला छोड़ दो!”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इसके कई कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कुछ रिपोर्ट ‘एबीपी न्यूज’ और ‘दैनिक भास्कर’ की वेबसाइट पर मिलीं। इन रिपोर्ट को 9 जुलाई 2026 को प्रकाशित किया गया था। इनके अनुसार, अभिजीत दीपके भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को बारिश से बचाने के लिए पुलिस से टेंट लगाने की इजाजत मांग रहे थे। इसलिए उन्होंने पुलिसवालों के सामने हाथ जोड़ने शुरू कर दिए। उन्होंने पुलिस पर टेंट न लगाने देने के आरोप लगाए थे।

पड़ताल के दौरान हमें वायरल वीडियो अभिजीत दीपके के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी मिला। दरअसल, इस वीडियो को भारत में प्रतिबंधित किया गया है। ऐसे में हमने ‘एक्सप्रेस वीपीएन’ की मदद से इसे चेक किया। हमने पाया कि इसे 9 जुलाई 2026 को शेयर किया गया था। कैप्शन के मुताबिक, अभिजीत दीपके ने पुलिस पर आरोप लगाया कि वह बारिश से बचने के लिए उन्हें टेंट लगाने की अनुमति नहीं दे रही है। भूख हड़ताल पर बैठे स्टूडेंट्स को इसकी वजह से परेशानी हो रही है। परमिशन मांगने के लिए उन्होंने पुलिसवालों के सामने हाथ भी जोड़े और उनके पैरों पर भी गिर गए थे।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए ‘दैनिक जागरण’, नई दिल्ली के संवाददाता नेमिश हेमंत से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो सीजेपी का प्रदर्शन खत्म होने के बाद का नहीं, बल्कि कई दिनों पुराना है।
क्या है संदर्भ?
20 जून 2026 को कॉकरोच जनता पार्टी ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शुरू किया था। देशभर से युवा इस प्रदर्शन का हिस्सा बनने के लिए पहुंचे थे। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने छात्रों का साथ देने के लिए 26 दिनों तक भूख हड़ताल की थी। धीरे-धीरे प्रदर्शन के बड़े होने और दबाव के कारण 25 जुलाई 2026 को केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। ‘बीबीसी’ हिंदी की 25 जुलाई 2026 की एक खबर में इसके बारे में विस्तार से पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब पांच हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को मध्य प्रदेश का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पुलिस के सामने हाथ जोड़ते हुए अभिजीत दीपके के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में दीपके ने 9 जुलाई 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए पुलिस पर टेंट न लगाने देने का आरोप लगाया था।
The post Fact Check: टेंट लगाने की अनुमति मांगते दीपके के वीडियो को धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद का बताकर किया जा रहा वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments