नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर मुहर्रम के जुलूस का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक ताजिया बिजली के तार से टकरा जाता है और फिर वहां अफरातफरी मच जाती है। इस वीडियो को मध्य प्रदेश के रतलाम में हुए हादसे का बताकर शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को भ्रामक पाया। असल में यह वीडियो न तो हाल-फिलहाल का है और न ही मध्य प्रदेश का है। यह वीडियो साल 2023 में उत्तर प्रदेश के अमरोहा में हुए एक हादसे का है। पुराने वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘पण्डित अजय कुमार भट्ट’ ने 26 जून 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “मध्यप्रदेश का रतलाम..,तीन तो डायरेक्ट हूरों की बाहों में चले गए…करीब दो दर्जन को वेटिंग मिला है…रतलाम “ताजिया” और बनाओ आकाश से ऊंचा….जब स्वयं को समझ नहीं है तो प्रशासन क्या कर लेगा।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Amrit Vichar’ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर मिला। इस वीडियो को 29 जुलाई 2023 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो उत्तर प्रदेश के अमरोहा में हुए एक हादसे का है। हाईटेंशन लाइन से एक ताजिया के टकराने की वजह से धमाका हो गया था। इससे पहले वहां फैले करंट की वजह से दो लोगों की मौत हो गई थी और 54 लोग घायल हो गए थे।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट ‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 30 जुलाई 2023 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “तय सीमा से अधिक ऊंचाई वाला ताजिया लेकर चलने के कारण मुहर्रम के जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया था। ट्रिपलर (खुली ट्रॉली) में लेकर जा रहे करीब 30 फीट ऊंचे ताजिया में पावर ग्रिड की लाइन से करंट उतर आया और वहां तेज धमाके के साथ आग लग गई। साथ ही, नीचे जलभराव होने की वजह से पानी में भी करंट फैल गया। इस हादसे में एक बच्चे सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच दर्जन से अधिक लोग झुलस गए । शासन की ओर से 12 फीट तक के ताजिया निकालने की ही अनुमति दी गई थी।”

अन्य न्यूज रिपोर्ट्स यहां और यहां देखी जा सकती हैं।
अधिक जानकारी के लिए हमने अमरोहा दैनिक जागरण के जिला प्रभारी अनिल अवस्थी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो साल 2023 में अमरोहा में हुए एक हादसे का है।
क्या है संदर्भ?
मध्य प्रदेश के रतलाम में 25 जून 2026 को मुहर्रम का जुलूस निकाला जा रहा था। इस दौरान एक ताजिया हाईटेंशन बिजली के तार से टकरा गया और फिर वहां दर्दनाक हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पर पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को बिहार का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि ताजिया के बिजली के तार से टकराने के वीडियो को भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। असल में यह वीडियो साल 2023 में यूपी के अमरोहा में हुए एक हादसे का है।
The post Fact Check: यूपी में ताजिया के बिजली के तार से टकराने का पुराना वीडियो एमपी का बताकर किया जा रहा वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments