नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मध्य प्रदेश में जबलपुर के पास बरगी डैम में 30 मई 2026 को हुए एक क्रूज हादसे में कई लोगों की जान चली गई। अब इसी से जोड़ते हुए एक वीडियो वायरल किया जा रहा है। इसमें एक नाव पलटी हुई देखी जा सकती है। साथ में कई लोग खुद को बचाते हुए देखे जा सकते हैं। दावा किया जा रहा है कि यह जबलपुर में हुए क्रूज हादसे का पहला वीडियो है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल पोस्ट की जांच की। इस वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। दरअसल, बांग्लादेश के पुराने वीडियो को बरगी डैम के हादसे का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Lukka Marmat’ ने 2 मई 2026 को एक वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया, “जबलपुर में हुए क्रूज हादसे ने सबको दहलाकर रख दिया है. बरगी डैम पर क्रूज का आनंद ले रहे 39 लोग तब हादसे का शिकार हो गए जब क्रूज अचानक डूबने लग गया. इस हादसे में 22 लोगों का रेस्क्यू कर उन्हें बचा लिया गया जबकि 9 लोगों की मौ#त की खबर है और बाकी लोग लापता बताए जा रहे हैं. क्रूज हादसे से पहले का वीडियो आया सामने।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान संदर्भ में शेयर किया है। वायरल पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की जांच के लिए इसे ध्यान से देखा। इसमें लकड़ी की बनी नाव नजर आ रही है, जबकि जबलपुर हादसे में क्रूज डूबा था। ऐसे में वीडियो के संदिग्ध होने का शक हुआ। इसके बाद वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले गए।
सर्च के दौरान हमें वायरल वीडियो का असली वर्जन मिला। इसे ‘न्यूज रिपोर्ट टुडे’ नाम के एक फेसबुक पेज ने 28 दिसंबर 2025 को अपलोड किया था। इसे बांग्लादेश का बताते हुए लिखा गया कि वहां के रंगमती जिले में पर्यटकों से भरी एक नाव कापताई झील में पलट गई थी।

सर्च के दौरान यही वीडियो हमें एक इंस्टाग्राम हैंडल पर भी मिला। इसमें घटना को 25 दिसंबर 2025 का बताया गया। कैप्शन में जानकारी देते हुए लिखा गया कि बांग्लादेश के रंगमती जिले में एक नाव कापताई झील में पलट गई।
जांच को आगे बढ़ाते हुए कीवर्ड की मदद से गूगल ओपन सर्च टूल की मदद ली गई। हमें ‘बांग्ला ट्रिब्यून डॉट कॉम’ पर एक खबर मिली। 26 दिसंबर 2025 की इस खबर में बताया गया कि रंगमती में कापताई झील पर यात्रा करते समय एक पर्यटक नाव पलट गई। यह घटना शाम से कुछ ही समय पहले रंगमती-बरकल सुबालोंग जलमार्ग के शिलचारिमुख क्षेत्र में घटी।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए नईदुनिया जबलपुर के वरिष्ठ पत्रकार धीरज कुमार से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि वायरल वीडियो बरगी क्रूज हादसे का नहीं है।
क्या है संदर्भ?
मध्य प्रदेश में जबलपुर के पास बरगी में 30 अप्रैल को एक दर्दनाक हादसा हुआ। बरगी में क्रूज हादसे में कई लोगों की जान चली गई। इसमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल थे। क्रूज संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का खुलेआम उल्लंघन होने के कारण यह हादसा हुआ।
जांच के अंत में बांग्लादेश के वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि यूजर राजस्थान का रहने वाला है। इसे फेसबुक पर तीन हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल वीडियो बांग्लादेश के एक हादसे का साबित हुआ। मध्य प्रदेश के जबलपुर के पास बरगी में हुए क्रूज हादसे से इस वीडियो का कोई संबंध नहीं है।
The post Fact Check: मध्य प्रदेश के क्रूज हादसे के नाम पर वायरल किया गया बांग्लादेश का पुराना वीडियो appeared first on Vishvas News.
0 Comments