नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद राज्य में हिंसा के कई मामले सामने आए हैं। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक दुकान में लगी आग को देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा का वीडियो बता रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में मार्च 2026 में हुए एक हादसे का है। गैस सिलिंडर में धमाके की वजह से यह हादसा हुआ था। इस वीडियो का बंगाल चुनाव के बाद हुई हिंसा से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल वीडियो?
फेसबुक यूजर ‘Mohammad Afzal’ ने 5 मई 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “समूचा बंगाल हिंसा के चपेट में है। रामराज्य में अमृतकाल शुरू हो गया है।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस से सर्च किया। इंस्टाग्राम यूजर ‘royjuma1998‘ ने 5 मार्च 2026 को वायरल वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “मध्यमग्राम बाजार में मेरे दोस्तों की दुकानें जल गईं।”

इंस्टाग्राम यूजर ‘its_your_abhi18’ ने 4 मार्च 2026 को इसी हादसे का एक अन्य वीडियो अपलोड किया था। इसमें लोकेशन मध्यमग्राम स्टेशन दिया गया है। जानकारी के अनुसार, वीडियो सिलिंडर में धमाके के बाद का है।

इंस्टाग्राम यूजर के वीडियो और वायरल वीडियो में ‘एसपी ज्वैलर्स’ का बोर्ड देखा जा सकता है।

‘आनंदबाजार’ की वेबसाइट पर 4 मार्च 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, “मध्यमग्राम रेलवे स्टेशन के पास भीषण आग में एक व्यक्ति की जान चली गई थी। आग उत्तरी 24 परगना के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में से एक के पास लगी थी। यह घटना एक दुकान में गैस सिलिंडर में हुए धमाके के कारण हुई।”

इस बारे में हमने कोलकाता में दैनिक जागरण के वरिष्ठ संवाददाता राजीव कुमार झा से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो पुराना है और एक हादसे का है।
क्या है संदर्भ?
पश्चिम बंगाल में हुए चुनाव में भाजपा को बहुमत मिल गया है। इसके बाद राज्य के कुछ हिस्सों से हिंसा की खबरें सामने आई थीं। दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 6 मई 2026 को छपी रिपोर्ट के मुताबिक, बंगाल में चुनाव के नतीजों के बाद हिंसक घटनाओं का सिलसिला जारी है। टीएमसी ने भाजपा समर्थकों पर दुकानों में तोड़फोड़ और अपने दफ्तरों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। उत्तर 24 परगना जिले के नैजाट में भी बड़े पैमाने पर हिंसा हुई। इस दौरान तीन पुलिसकर्मी और केंद्रीय बल के दो जवान घायल हो गए। इससे पहले आसनसोल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर टीएमसी के दो कार्यालयों में आग लगाने का भी आरोप लगा था।
हादसे के पुराने वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। उत्तर प्रदेश के सरायमीर के रहने वाले फेसबुक यूजर के करीब 16 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में मार्च 2026 में सिलिंडर में धमाके से आग लग गई थी। उस घटना के वीडियो को अब बंगाल चुनाव के बाद हिंसा का बताकर वायरल किया जा रहा है।
The post Fact Check: बंगाल चुनाव के बाद हिंसा से जोड़कर एक हादसे का पुराना वीडियो वायरल appeared first on Vishvas News.
0 Comments