What's Hot

6/recent/ticker-posts

Fact Check: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उनके बेटे जय शाह की वायरल की गई AI तस्वीर

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील करते हुए एक साल तक सोना और खाने का तेल के कम उपयोग की अपील की थी। इसके अलावा उन्होंने पश्चिम एशिया में जारी तनाव (अमेरिका-इजराजय और ईरान युद्ध) के कारण उपजे संकट के बीच पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बचत करने की भी अपील की थी।

अब इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उनके बेटे और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह की एक कथित तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल की जा रही है। इस तस्वीर में उन्हें दो अन्य लोगों के साथ एक चार्टर प्लेन में बैठे हुए देखा जा सकता है। इस तस्वीर को सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स केंद्र सरकार और अमित शाह पर निशाना साधते हुए शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्‍यूज ने विस्तार से इस तस्वीर की जांच की। हमने पड़ताल में पाया कि वायरल तस्‍वीर फर्जी है। इसे एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाया गया है।

क्या हो रहा है वायरल?

इंस्टाग्राम यूजर ‘ओम प्रकाश शुक्ला’ ने वायरल तस्वीर को 24 मई 2026 को शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, “लोग देश हित मे अपनी इच्छा बलिदान करे और यह मौज करे।”

इस तस्वीर को सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने भी अपने एक्स हैंडल से शेयर किया।

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखें।

पड़ताल

वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल लेंस टूल की मदद से सर्च किया। हमें यह तस्वीर किसी भी प्रामाणिक न्यूज वेबसाइट पर नहीं मिली, जिससे हमें इसके फेक होने का संदेह हुआ। विश्वास न्यूज ने तस्वीर के आधार पर कुछ कीवर्ड बनाकर भी गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल करते हुए उन्हें सर्च किया। हमें इस फोटो से जुड़ी कोई खबर नहीं मिली।

विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उनके बेटे जय शाह के सोशल मीडिया हैंडल्स को भी खंगाला। वहां भी हमें वायरल तस्वीर या इससे मिलती-जुलती तस्वीर नहीं मिली।

विश्वास न्यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए वायरल तस्‍वीर को एआई डिटेक्शन टूल्स के जरिए सर्च किया। सबसे पहले हमने ‘Sight Engine’ टूल का इस्तेमाल किया। इस टूल ने 99 फीसदी तक तस्वीर के एआई से बने होने के संकेत दिए।

हमने फोटो को जांचने के लिए एक अन्य टूल ‘ट्रूथ स्कैन’ का भी इस्तेमाल किया। इस टूल ने भी फोटो के करीब 97 फीसदी तक एआई से बने होने के संकेत दिए।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने एक अन्य टूल ‘Undetectable’ का इस्तेमाल किया और इसके जरिए फोटो के बारे में सर्च किया। इस टूल ने भी फोटो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे से संपर्क किया और उनके साथ वायरल तस्वीर शेयर किया। उन्होंने बताया कि यदि तस्वीर को ध्यान से देखा जाए तो साफ पता चलता है कि हाथों की आकृति असामान्य है, जो कि एआई-जेनरेटेड फोटो में सामान्य बात हाती है।

क्या है संदर्भ?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 मई 2026 को हैदराबाद में एक जनसभा के दौरान देशवासियों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने और खाने का तेल कम इस्तेमाल करने की अपील की थी। इसके पीछे तर्क यह दिया गया था कि इनके आयात से विदेशी मुद्रा खर्च होती है। इसके बाद से देश में कई बार पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में भी इजाफा किया जा चुका है।

जांच के अंत में फर्जी तस्वीर शेयर करने वाले यूजर के प्रोफाइल की जांच की गई। सोशल स्कैनिंग में पता चला कि इस इंस्टाग्राम अकाउंट से अब तक पांच हजार से ज्यादा पोस्ट की जा चुकी हैं। इसे मार्च 2017 में बनाया गया था।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उनके बेटे और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह की वायरल तस्वीर एआई-निर्मित साबित हुई। इसे एआई टूल की मदद से बनाया गया है। वायरल दावे में कोई सच्चाई नहीं है।

The post Fact Check: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उनके बेटे जय शाह की वायरल की गई AI तस्वीर appeared first on Vishvas News.

Post a Comment

0 Comments